कल का मौसम : मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक देश के अधिकांश भागों पर मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। खासकर, पहाड़ों पर मानसूनी बारिश को लेकर अलर्ट जारी है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ज्यादातर भागों पर तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश से लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ जैसी घटनाएं होने का पूर्वानुमान है। लिहाजा, हिल्स साइड में यात्राएं करने से परहेज करें। इधर, समूचे उत्तर भारतीय राज्यों में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ मध्यम स्तर की बारिश जारी रहेगी, जिससे नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है। स्काईमेट ने अगले 48 घंटे तक दक्षिण भारतीय राज्यों में बादल बरसते नजर आएंगे। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्य भी तेज वर्षा का सामना करेंगे। कमोबेश यही हालात महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों पर बने रहेंगे।
कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट बदल ली है। पिछले 24 घंटों से जारी इस बदलाव के चलते राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि बारिश के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी जबरदस्त सुधार हुआ है, जिससे दिल्लीवासियों को प्रदूषण से राहत मिली है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 29 अगस्त को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 30 और 31 अगस्त को फिर से हल्की बारिश या फुहार हो सकती है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने का अलर्ट घोषित है। अगले कई घंटों तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान जताया गया है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 27 अगस्त से दो सितंबर के दौरान पूर्वी हिस्सों पर बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। कोटा संभाग के कुछ भागों में 27-28 अगस्त को हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी सप्ताह भर कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश का मौसम
मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के कारण मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौराम कई जिलों भारी बारिश की संभावना जताई है। खासकर, दतिया, भिंड, टीकमगढ़, पन्ना, रीवा, सागर, नौगांव और जबलपुर में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने के खतरे के बीच मूसलाधार वर्षा की चेतावनी है। दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिसमें रतलाम, नीमच, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, धार, खरगोन और खंडवा शामिल हैं।
यूपी का मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश अगले 72 घंटे के दौरान मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जिससे प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, फुरसतगंज, उरई, सुल्तानपुर और रायबरेली प्रभावित होंगे। हालांकि, मध्य हिस्सों पर भी बादल छाए रह सकते हैं और उमस परेशान कर सकती है। उधर, बिहार में भी मानसूनी बारिश से मौसम सुहावना रहेगा। कई जिलों में बादलों के छाए रहने के साथ मध्मय से भारी बारिश की संभावना है। कई जिलों में बाढ़ का खतरा भी जताया गया है।
दक्षिण भारत में मानसूनी बारिश
दक्षिण भारत में मानसूनी बारिश के कारण जनजीवन पर मामूली प्रभाव रहेगा। आईएमडी ने अगले दो दिन तक तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, लक्ष्यद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश का अलर्ट घोषित रखा है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी। उधर, पूर्वोत्तर में सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों पर मौसम खराब रहेगा। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है।
तमिलनाडु में कैसा है मौसम
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले जिलों में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी घाट के इलाकों में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। यह बारिश का दौर छह दिनों तक चलने की उम्मीद है। अगले 24 घंटे के दौरान मदुरै, शिवगंगा और रामनाथपुरम ज़िलों में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इन दक्षिणी जिलों में दिन के समय बादल छाए रह सकते हैं और थोड़ी देर के लिए बारिश हो सकती है।
