कल का मौसम कैसा रहेगा : मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पहाड़ों पर अच्छी खासी बारिश होगी, जिससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों पर बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा। इधर, समूचे उत्तर भारत में मौसम का मिलाजुला रुख दिखाई देगा। दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर मेघ बरसते नजर आएंगे। हालांकि, कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। उधर, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों और दक्षिण भारत में तेज वर्षा का अलर्ट जारी रखा है।
मौसम आज-कल
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून के असर से बारिश का दौर जारी है। चौबीस घंटे के दौरान कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। जयपुर मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार कई जगह मध्यम से भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 90 मिलीमीटर (भारी) बारिश बाड़मेर के पचपदरा में दर्ज की गई। आईएमडी की मानें तो आगामी कुछ दिन मानसून सक्रिय रहेगा। खासकर, अजमेर, कोटा, जोधपुर व उदयपुर संभाग में मध्यम से भारी बारिश व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण पश्चिमी व दक्षिणी राजस्थान के कुछ भागों में मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियां 25 जुलाई को भी होंगी जबकि बाकी हिस्सों में हल्की मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में बाढ़ की संभावना के साथ अगले 24 घंटे विशेष रूप से महत्वपूर्ण बने हुए हैं। खतरे वाले स्थानों में जैसलमेर, बाड़मेर, फलौदी, जोधपुर, बीकानेर, बालोतरा, जालौर, सिरोही, पाली, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ शामिल हैं।
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय
दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के असर से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। खासकर, समुद्र तटीय हिस्सों पर लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। उधर, पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश, असम, ओडिशा, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, नागालैंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश का अनुमान है। अत्यधिक बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा
दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई है। आईएमडी ने दिनभर हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी ने वीकेंड पर मौसमी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह नौ बजे 75 दर्ज किया गया, जो ’संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता सूचकांक को शून्य से 50 के बीच ’अच्छा’, 51 से 100 के बीच ’संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ’मध्यम’, 201 से 300 के बीच ’खराब’, 301 से 400 के बीच ’बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
कश्मीर के कई हिस्सों में लगातार रुक-रुककर बारिश होने से ज्यादातर नदियों और जल धाराओं का जलस्तर बढ़ गया, जिससेबाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। हालांकि, अनंतनाग और श्रीनगर में झेलम नदी का जल स्तर कम होने लगा है। आईएमडी के अनुसार कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश जारी रही है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान काफी बारिश हुई। सुबह 8.30 बजे तक काजीगुंड में 40.2 मिलीमीटर (मिमी), कोकरनाग में 39.2 मिमी और पहलगाम में 25.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने क्षेत्र में 28 से 31 जुलाई तक फिर से बारिश होने का पूर्वानुमान भी किया है।
पश्चिम बंगाल में सक्रिय मानसून
पश्चिम बंगाल में सक्रिय मानसून के कारण 27 जुलाई तक दक्षिणी जिलों में भारी बारिश होगी और तटीय इलाकों में अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक बारिश होने के आसार हैं। हिमालय की तराई में स्थित जिलों में 28 जुलाई से लगातार तीन दिनों तक एक बार फिर भारी बारिश होने का अनुमान है । खासकर, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में 24 एवं 26 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में 26 जुलाई तक भारी बारिश होने का अनुमान है। दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे पहाड़ी जिलों में 28 जुलाई से लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है।
गुजरात में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
गुजरात में मूसलाधार बारिश जारी रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। कई गांवों का संपर्क कट गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को महिसागर, पंचमहल और दाहोद जिलों के लिए ’रेड अलर्ट’ जारी किया है। वहीं, वलसाड, तापी, नवसारी, सूरत, भरूच, वडोदरा, अहमदाबाद, खेड़ा, गांधीनगर और आनंद सहित दक्षिण एवं मध्य गुजरात के कई जिलों के लिए ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
