कल का मौसम : उत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगभग वापसी की राह पकड़ चुका है। आईएमडी ने 20 सितंबर की तारीख निर्धारित की थी। हालांकि, अगले कुछ दिन तक बीच-बीच में बादलों की आवाजाही देखी जाएगी, लेकिन अधिकांश समय मौसम शुष्क ही रहेगा। अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बादल साफ रहेंगे और सूरज की गर्मी से तपिश बढ़ेगी। हालांकि, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर हल्की बारिश का अंदेशा जताया जा रहा है, जिससे लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा। स्काईमेट ने बताया कि अगले 48 घंटे के दौरान दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ पूर्वोत्तर के हिस्सों पर तेज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान समुद्री हिस्सों पर मौसम खराब रहने का अनुमान है।
कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर के मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और तापमान में भी खास उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। हालांकि, मौसम साफ होने और बारिश थमने के बाद प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। 22 सितंबर से 24 सितंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इन दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, 25 सितंबर से 27 सितंबर तक आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। इन दिनों में भी तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
मौसम साफ होते ही वायु प्रदूषण ने एक बार फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आंकड़ों के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 इलाके का वायु गुणवत्ता सूचकांक 330 तक पहुंच गया है, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, नॉलेज पार्क-3 का एक्यूआई 209 दर्ज किया गया है, जो 'खराब' श्रेणी में है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां भी कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के आंकड़ों के अनुसार, चांदनी चौक का एक्यूआई 235, आनंद विहार का 208, बवाना का 203 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 162 दर्ज किया गया है। इसके अलावा, बुराड़ी क्रॉसिंग (159), सीआरआरआई मथुरा रोड (159) और आया नगर (127) जैसे इलाके भी प्रदूषण की चपेट में हैं।
गाजियाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब होती जा रही है। यहां लोनी का एक्यूआई 203, वसुंधरा का 187, इंदिरापुरम का 186, वेद विहार-लोनी का 171, संजय नगर का 164 और गोविंदपुरम का 123 दर्ज किया गया है। एनसीआर में मौसम तो शुष्क और साफ बना हुआ है, लेकिन यह साफ मौसम प्रदूषण के लिए मुफीद साबित हो रहा है। बारिश न होने के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण जमा हो रहे हैं, जिससे दिल्ली, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में एक्यूआई 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण पश्चिम मानसून राजस्थान के कई हिस्सों से विदा होना शुरू हो गया है और आने वाले दिनों में यह बाकी हिस्सों से भी विदाई ले लेगा। राज्य में इस सप्ताह मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है। इसके अनुसार, राज्य के कुछ भागों से दक्षिण पश्चिम मानसून विदा होना शुरू हो गया है। आगामी तीन-चार दिनों में राज्य के कुछ और भागों से मानसून विदा होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।राज्य के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में अगले 5-6 दिन मौसम सूखा रहने की पूरी संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर भागों में भी आगामी 5-6 दिन मौसम सूखा ही रहेगा। हालांकि आज कोटा, उदयपुर संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार सुबह तक, बीते चौबीस घंटे में राज्य के पूर्वी भाग के सलूम्बर, उदय पर, बाँसवाड़ा व झालावाड़ जिलों में हल्की बारिश हुई जबकि राज्य के शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक बारिश सलूंबर में 10 मिलीमीटर दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में रहा।
ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
ओडिशा में खराब मौसम जारी रहने के पूर्वानुमान के मद्देनजर खुर्दा, जगतसिंहपुर, गंजाम और गजपति जिला प्रशासन ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने का फैसला किया, जबकि मलकानगिरी में 24 सितंबर तक स्कूल बंद रखने की घोषणा की गई है। कोरापुट और कालाहांडी जिलों के अधिकारियों ने शिक्षकों को 25 सितंबर तक अपने तैनाती स्थल नहीं छोड़ने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि गंजाम, कोरापुट और कालाहांडी में मौजूदा मौसम की स्थिति के कारण सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सरकार ने कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है, जिनमें गंजाम और कंधमाल को जोड़ने वाला कलिंगा घाट भी शामिल है। मौजूदा मौसम की स्थिति के कारण चिलिका झील में सतपाड़ा और जाह्नीकुड़ा के बीच नौका सेवा चार दिनों तक, यानी 25 सितंबर तक, निलंबित रहेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव ओडिशा के गोपालपुर से करीब 220 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से 320 किलोमीटर दूर है। आईएमडी ने कहा कि इसके अगले 12 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और पश्चिम-मध्य तथा उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव में बदलने की बहुत अधिक संभावना है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए, इसके 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की तड़के के बीच विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को गहरे दबाव के रूप में पार करने की बहुत अधिक संभावना है।"
तमिलनाडु का मौसम कैसा रहेगा
दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज खराब हो सकता है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने के कारण मंगलवार को तमिलनाडु के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। ताजा अनुमान के मुताबिक, पश्चिमी घाट और दक्षिणी तमिलनाडु के जिलों में एक-दो जगहों पर दिन के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इन इलाकों में 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे आंधी-तूफान के दौरान सावधान रहें और पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचें।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेज हो गया है, जिससे तमिलनाडु और पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में कई जगहों पर बारिश हो रही है। तमिलनाडु के बाकी जिलों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में भी एक-दो जगहों पर हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। बुधवार को भी मौसम के अस्थिर रहने की उम्मीद है। अनुमान के मुताबिक, पश्चिमी घाट के जिलों में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लुर और रानीपेट जिलों में बुधवार को एक-दो जगहों पर आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस पूर्वानुमान से राज्य के कई हिस्सों में पड़ रही गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अचानक होने वाली बारिश और तेज हवाओं से ट्रैफिक और बाहर की गतिविधियों में रुकावट आ सकती है। चेन्नई में दिन के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। शाम या रात के समय शहर और उसके आस-पास के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।
