Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश के विभिन्न हिस्सों में मौसमी गतिविधियां लगातार जारी हैं, जिससे मौसम एक ओर जहां सुहावना बना हुआ है, वहीं कई तराई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हो गए है। दिल्ली एनसीआर में जहां रविवार को जोरदार बरसात हुई तो वहीं पहाड़ी राज्यों में इसी बरसात का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य से सटे उत्तर-पश्चिम क्षेत्र, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो अगले 24 घंटों के भीतर एक अवदाब (डिप्रेशन) में बदल सकता है।
कल का मौसम 18 अगस्त 2025
इसके चलते आगामी 7 दिनों के दौरान गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात राज्य में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। विशेष रूप से 18 से 19 अगस्त के बीच कोंकण (मुंबई सहित), गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र और गुजरात क्षेत्र में भारी वर्षा के आसार हैं। वहीं 18 से 20 अगस्त के दौरान सौराष्ट्र क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जहां 19 और 20 अगस्त को अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना के साथ वर्षा की तीव्रता चरम पर हो सकती है। इसके अलावा, 18 अगस्त को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। खास तौर पर तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 18 अगस्त को ओडिशा और तेलंगाना में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक, कल यानी सोमवार को आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। सुबह और दोपहर के समय कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस कम रह सकता है। सुबह के समय सतही हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से 10–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। दोपहर, शाम और रात के दौरान भी हवाओं की गति और दिशा में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
यूपी में कल का मौसम
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश की कुछ जगहों के लिए गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई थी। बात कल की करें तो 18 अगस्त को मॉनसून की सक्रियता में कमी आने के कारण बारिश में विराम आ सकता है। 19 और 20 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में गर्मी दोबारा परेशान कर सकती है। मौसम में आए उतार-चढ़ाव से लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
बिहार के इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को बिहार के 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और किशनगंज शामिल थे। अब 18 अगस्त को फिर से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। पटना मौसम केंद्र ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही बिहार में नदियों का बढ़ता जलस्तर चिंता का विषय बना हुआ है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
उत्तराखंड के कई जिलों जैसे कि पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और नैनीताल में कल भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, हालांकि कांगड़ा जिले में कल भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है।
राजस्थान में कल के मौसम का हाल
राजस्थान में भारी बारिश के चलते बेहद ही खराब हालात हैं। बीते दिनों की बरसात के चलते राज्य के कई शहरों में भीषण जलभराव देखा गया। बात अगर कल के मौसम की करें तो उदयपुर, बिकानेर, सिरोही, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, कोटा, चित्तौड़गढ़, बारां और बूंदी जिलों में कल हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के भी आसार हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में वज्रपात और बारिश का पूर्वानुमान
मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम फिर से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी और देवास में भारी बारिश की संभावना है। वहीं सतना, शिवपुरी, शहडोल, सागर, भोपाल और आगर-मालवा जिलों में आकाशीय बिजली, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
