कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के अधिकांश राज्यों तक मॉनसून की दस्तक हो चुकी है। आईएमडी ने पहाड़ों पर मॉनसूनी तंत्र के एक्टिव होने से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अंधड़ के साथ बारिश, ओलावृष्टि और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। इधर, समूचे उत्तर भारत में मॉनसून का असर है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में काले घने बादलों की आवाजाही है और कई हिस्सों पर तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश ने गर्मी और लू से बड़ी राहत दी है। ये मौसमी गतिविधियां अगले कई दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। वहीं, महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है, जबकि गुजरात और गोवा में भी तेज पानी बरसने का अलर्ट जारी है। स्काईमेट ने दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में भारी बारिश की चेतावनी है। खासकर समुद्री हिस्सों पर लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
मौसम आज-कल
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर बादलों से ढका हुआ है। पिछले 2 दिन से आसमान में बादल छाए हुए हैं। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया। शहर में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। आईएमडी ने अगले कई दिनों तक आसमान में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसमी गतिविधियां होने से पॉल्यूशन के लेवल कम हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 90 के आसपास है, जो ’संतोषजनक’ श्रेणी में है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- मुंबईकर सावधान! अगले 24 घंटे रेड अलर्ट, तूफानी-मूसलाधार बारिश से रहें सतर्क; मॉनसूनी कहर से पानी-पानी मायानगरी
राजस्थान में मानसूनी बारिश
राजस्थान में मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके अगले कई दिन जारी रहने की पूरी उम्मीद है। मौसम विभाग ने अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से सात दिन की देरी से गुरुवार को राज्य के पूर्वी भागों में पहुंच गया है। मानसून की उत्तरी सीमा टोंक, जयपुर, अलवर से होकर गुजर रही है। आईएमडी ने बताया कि मानसून के असर से राज्य के उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी बारिश हुई। सर्वाधिक 84.0 मिलीमीटर बारिश सांभर (जयपुर) में दर्ज की गई। राज्य के पश्चिमी भागों में तेज गर्मी का दौर जारी है, जहां गंगानगर में अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 5-7 दिन मानसून सक्रिय रहने व अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश से बिगड़े हालात
हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण अभी से भूस्खलन और बाढ़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भारी मलबा आने से हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-5) चोलिंग के पास वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। वहीं, रिब्बा नाले में आई बाढ़ के कारण रिब्बा-कांडा संपर्क मार्ग भी बंद हो गया। शिमला मौसम कार्यालय ने तीन जुलाई को छोड़कर दो से पांच जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
बंगाल में बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के आसपास बनी निम्न दाब प्रणाली से छह जुलाई तक दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि पांच जुलाई को दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और हावड़ा जिलों में बहुत भारी स्तर की बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में मौजूद निम्नदाब प्रणाली अगले दो दिन में जोर पकड़ सकती है, जिसकी वजह से दक्षिण बंगाल के अधिकतर जिलों में भारी बारिश होगी। आईएमडी ने संभावित भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव होने के प्रति आगाह किया है। सात से नौ जुलाई तक दार्जिलिंग और कालिम्पोंग समेत उत्तर बंगाल के सभी जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में अगले चार दिनों के दौरान विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी 24 जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ’ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा कि इस अवधि के दौरान राज्य में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। रविवार को लातेहार, पलामू, चतरा और गढ़वा जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, चतरा और रांची जिलों में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि मंगलवार को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र में मॉनसूनी बारिश का कहर जारी है। खासकर, मुंबई में लगातार बारिश जारी है और शहर के कई इलाकों में अगले 24 घंटों में ’तेज से बहुत तेज’ बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान शहर और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मुंबई में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि के बाद से ही लगातार भारी बारिश हो रही है। दादर, अंधेरी, गोरेगांव और परेल जैसे निचले इलाकों में जलभराव हुआ था, लेकिन सुबह तक पानी उतर गया। बीएमसी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के 24 घंटे के दौरान शहर में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने अगले कुछ घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है।
पूर्वोत्तर भारत में कैसा है मौसम
पूर्वोत्तर भारत में मॉनसूनी बारिश से लू की गतिविधियों पर ब्रेक लग गया है। हालांकि, बारिश के बाद धूप निकलने से उमस का एहसास हो रहा है। आईएमडी ने त्रिपुरा, असम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ के अधिकांश भागों पर मॉनसून का असर बने रहने की बात कही है। फिलहाल, सभी राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश से मौसम काफी सुहावना है। आईएमडी ने महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
