Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश भर में जारी भारी बारिश का सिलसिला अब और तेज होता दिख रहा है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूर्व से पश्चिम तक भारी बारिश की चेतावनियों से भारत का नक्शा रंगा हुआ है जारी की गई है। कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है, जिसके कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। वहीं, दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश के और रौद्र रूप दिखने की संभावना है।
कल देशभर में भारी बारिश की संभावना
सप्ताह भर भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके अलावा, इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना भी है। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में भी भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। गंगा के मैदानों में भी बारिश जारी रहने के संकेत हैं। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 4 से 7 अगस्त तक बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 4 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। इन सभी इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में 4 अगस्त को मौसम में बदलाव आने की संभावना है। रविवार को राजधानी में हल्की बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई लेकिन कल यानी सोमवार को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। लक्ष्मी नगर, पटपड़गंज, आनंद विहार, उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमी दिल्ली में भारी बारिश का अनुमान है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
यूपी में कैसा रहेगा कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी 4 अगस्त को कई जिलों में तेज बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव दिख सकता है। आज भी पूर्वांचल में अच्छी बारिश देखी गई है, कल के लिए यहां अलर्ट जारी है। बलरामपुर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर सहित लगभग 50 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ, मेरठ, बरेली जैसे शहरों में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं।
बिहार में भी आएगी भारी बारिश
बिहार के कई हिस्सों में भी 4 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। खासकर पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में अत्यधिक बारिश की संभावना है। पटना, भागलपुर, दरभंगा और मधुबनी जैसे जिलों में भी तेज बारिश के साथ वज्रपात होने की चेतावनी है। इसका कारण है पूरब से पश्चिम की ओर बनी मानसून की ट्रफ लाइन जो पंजाब हरियाणा होते हुए लखनऊ, पटना होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान के बूंदी, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, कोटा और बारन में मूसलाधार बारिश का खतरा है। जयपुर, नागौर, अजमेर, भिलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जैसे क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
दक्षिण भारत में कल का मौसम
तमिलनाडु और केरल के पहाड़ी इलाकों में 5 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और माहे के तटीय इलाकों में 4 से 8 अगस्त तक तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
भारी बारिश के लिए जारी किए गए अलर्ट
इसके साथ ही मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 4 से 6 अगस्त तक, उत्तराखंड में 4 से 8 अगस्त तक, और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 4 से 5 और 8 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है।
