JK Weather: श्रीनगर में होगी मौसम की पहली बर्फबारी, कश्मीर के मैदानों में लौटेगी बर्फ, लंबे सूखे दौर पर लगेगा ब्रेक

कश्मीर के मैदानी इलाकों में लंबे समय से चल रहा शुष्क मौसम का दौर अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में श्रीनगर समेत मैदानों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई है। कश्मीर में 40 दिनों की कठोर ठंड का चिल्ला-ए-कलां का दौर जारी है। इस दौरान सबसे अधिक बर्फबारी होती है। लेकिन इस बार ऐसा देखने को नहीं मिला। मैदानी इलाकों में इस मौसम में अब तक बर्फबारी देखने को नहीं मिली है।

JK Weather Today (जम्मू-कश्मीर में आज का मौसम): जम्मू-कश्मीर में घाटी के मैदानों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर अब समाप्त होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में बारिश और व्यापक बर्फबारी की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह जम्मू कश्मीर का मौसम दो पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित होगा। पहला विक्षोभ गुरुवार को अपना प्रभाव डालेगा जबकि दूसरे का असर 26 जनवरी को देखने को मिल सकता। इन दोनों वेदर सिस्टम के प्रभाव से घाटी के मैदानों सहित व्यापक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही बर्फबारी होने का भी पूर्वानुमान जताया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी भी हो सकती है।

JK Weather - AI

कश्मीर घाटी में बर्फबारी की संभावना (AI Image)

कश्मीर के मैदानों में अब तक नहीं हुई बर्फबारी

मौसम प्रणाली कश्मीर के मैदानों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम को समाप्त कर सकती है। मौसम विभाग ने श्रीनगर समेत मैदानों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना जतायी है। इसके कारण जमीनी और हवाई यातायात में भी व्यवधान आ सकता है। कश्मीर घाटी इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रही है। यह कड़ाके की ठंड का 40 दिनों का समय होता है, जब रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है। इस दौरान कश्मीर घाटी में बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है। इस सीजन में 21 दिसंबर को चिल्ला-ए-कलां की शुरुआत हुई थी, जो 30 जनवरी को समाप्त होगा। हालांकि घाटी के ऊपरी इलाकों में पहले ही बर्फबारी हो चुकी है, लेकिन मैदानों में अभी तक इस सर्दी में बर्फबारी नहीं हुई है। मंगलवार रात घाटी के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में सुधार दर्ज किया गया।

End of Feed