JK Weather: जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी से बढ़ी ठंड; अभी जारी रहेगी मौसम की मार, कई प्रमुख रास्ते भी बंद

जम्मू-कश्मीर में पिछले 12 घंटों से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम समेत कई जगहों का तापमान भी गिरा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। कई प्रमुख रास्ते अभी भी बंद हैं।

JK Weather: जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। बीती रात भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। जिसके चलते ठंड बढ़ गई है। वहीं, श्रीनगर में रातभर बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मशहूर टूरिस्ट जगहों गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान क्रमशः माइनस 7 और माइनस 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह और मुगल रोड अभी भी बंद हैं। रास्ता बहाल करने के लिए बर्फ हटाने का कार्य जारी है।

kashmir snowfall

सांकेतिक फोटो (ANI)

3 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी जारी

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में आज भी कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 2 फरवरी को रात में कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। वहीं, 3 फरवरी को भी ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। किसानों को अगले छह दिनों तक खेती का काम बंद रखने की सलाह दी गई है, जबकि कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल जिलों के हिमस्खलन संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को इन जगहों पर बहुत सावधानी से चलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को सुझाव दिया है कि वे श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे की लेटेस्ट स्थिति जानने के लिए ट्रैफिक डिपार्टमेंट के कंट्रोल रूम से संपर्क किए बिना यात्रा न करें।

End of Feed