Jharkhand Flash Flood Alert: झारखंड के कई हिस्सों में लगातार जारी भारी बारिश मद्देनजर राज्य के 10 जिलों के लिए अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में सोमवार से मंगलवार के बीच सबसे अधिक 217 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद गिरिडीह के डुमरी में 162.2 मिमी और लातेहार के महुआडांड़ में 146.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिलों के लिए बुधवार सुबह तक अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है।
झारखंड में फ्लैश फ्लड का अलर्ट (फोटो- Meta AI)
5 सितंबर तक खराब मौसम का अनुमान
मौसम विभाग ने राज्य में 5 सितंबर तक बादल छाए रहने और भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने बुधवार सुबह तक के लिए गढ़वा, पलामू, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना के मद्देनजर रेड अलर्ट और लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में बुधवार को भारी बारिश होने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम के ऐसे ही हालात रहने का पूर्वानुमान है।
कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना
रांची स्थित मौसम कार्यालय के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, "कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।" राज्य के दुमका में दिन में सबसे अधिक तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पाकुड़ में 31.3 डिग्री सेल्सियस और पलामू के डाल्टनगंज में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इन्हें भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें-
कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर
पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में, लगातार बारिश और पड़ोसी राज्य ओडिशा के बांधों के साथ-साथ झारखंड के चांडिल बांध और गलूडीह बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण खरकई और स्वर्णरेखा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि आदित्यपुर ब्रिज स्थल पर खरकई नदी का जलस्तर 133.10 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 4.10 मीटर ऊपर हैं। वहीं मैंगो ब्रिज स्थल पर स्वर्णरेखा नदी 122.60 मीटर के स्तर पर बह रही है जबकि खतरे का निशान 121.50 मीटर है।
जिला प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है।
