रांची : झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे चार छात्र प्रदर्शनकारियों की हालत स्थिर है। गुरुवार को रांची सदर अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश कुमार सिंह ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि देवेंद्र महतो, राहुल क्रांति, उम्मे हबीबा और महेंद्र प्रताप अब भी भूख हड़ताल पर हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर हैं।
रांची में भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का स्वास्थ्य स्थिर
सिंह ने बताया, "चारों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। उन्हें डेक्सट्रोज नॉर्मल सलाइन (डीएनएस) के जरिए मल्टीविटामिन दिया जा रहा है लेकिन उनके इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे सोडियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम का स्तर अब भी सामान्य नहीं है। प्रदर्शनकारियों की नियमित चिकित्सकीय जांच की जा रही है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती पर संग्राम! मंत्री दफ्तर घेरने पहुंचे अभ्यर्थियों की पुलिस से झड़प, उग्र आंदोलन का अल्टीमेटम
सिंह ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जानबूझकर छिपाए जाने के आरोपों पर बताया कि उनकी हालत सामान्य है लेकिन शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ा हुआ है, इसलिए उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जा सकती। महतो ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और आंदोलन को समर्थन देने का आश्वासन दिया।
12वें दिन महतो ने नहीं तोड़ी प्रतिज्ञा
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच ने एक बयान में कहा कि "महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 12वें दिन भी जारी है। लगातार भूख हड़ताल के कारण उनकी स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में इलाज के दौरान भी उनके संघर्ष और संकल्प में कोई कमी नहीं आई है।
महतो को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रांची में आंदोलनरत विद्यार्थियों के झारखंड विधानसभा तक मार्च में शामिल होने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच की कोर समिति के एक सदस्य ने बताया कि दो अन्य प्रदर्शनकारियों हबीबा और राहुल क्रांति को क्रमश: मंगलवार और सात अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
