आगरा : जंतर-मंतर में छात्रों के आंदोलन के लेकर भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की ‘गटर जेनरेशन’ वाली टिप्पणी अब कानूनी विवाद में पहुंच गई है। आगरा की एक विशेष सांसद/विधायक अदालत (MP/MLA) ने कंगना रनोट के खिलाफ दायर याचिका स्वीकार कर ली है। यह याचिका जंतर-मंतर पर प्रश्न पत्र लीक के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों, उनके माता-पिता और ‘जेन-जी’ को लेकर कंगना की कथित टिप्पणियों के संबंध में दायर की गई है। मामले में सुनवाई 21 अगस्त को होगी।
भाजपा सांसद कंगना रनौत (फोटो-Twitter)
‘नई पीढ़ी’ को बताया था ‘गटर जेनरेशन’
दरअसल, जंतर-मंतर छात्र आंदोलन के दौरान कंगना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में नई पीढ़ी की कुछ भारतीय महिलाओं की जीवनशैली पर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने लिखा कि तथाकथित पश्चिमी सोच से प्रभावित भारतीय महिलाओं की एक नई पीढ़ी सामने आई है और वह इन्हें ‘गटर जेनरेशन’ कहती हैं।
कंगना के मुताबिक, ये महिलाएं स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की जिंदगी की नकल तो करना चाहती हैं, लेकिन स्वतंत्रता के साथ आने वाली जिम्मेदारियों को निभाने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक रूप से स्वतंत्र महिलाएं अपने फैसले खुद लेती हैं, परंपराओं से अलग रास्ता चुनती हैं और अपने फैसलों की जिम्मेदारी भी खुद उठाती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - संसद में विपक्ष का जोरदार हंगामा, गृह मंत्री की हाजिरी पर अड़ा विपक्ष ; लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
महिलाओं का किया था अपमान
कंगना ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि इस कथित ‘गटर जेनरेशन’ की कुछ महिलाएं नशे, शराब और अनगिनत यौन संबंधों को अपनी आजादी मानती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग अपने माता-पिता की कमाई पर निर्भर रहते हुए स्वतंत्र जीवन जीने का दावा करते हैं। कंगना ने स्वतंत्रता को जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कहा कि आजाद जीवन कमाना पड़ता है और बिना जिम्मेदारी उठाए स्वतंत्र बनने की कोशिश करने वाले लोग ‘गटर छाप’ हैं।
‘जेन-जी’ वाली टिप्पणी पर कोर्ट पहुंचा मामला
आगरा में याचिका दाखिल करने वाले अधिवक्ता और याचिकाकर्ता रमाशंकर शर्मा के अनुसार, मामला केवल महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी तक सीमित नहीं है। उनका आरोप है कि जब छात्र प्रश्न पत्र लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे, उस दौरान कंगना ने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों, उनके माता-पिता और ‘जेन-जी’ को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। अधिवक्ता के मुताबिक, इन्हीं कथित टिप्पणियों को लेकर सांसद/विधायक अदालत में याचिका दाखिल की गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है।
21 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
अदालत ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 21 अगस्त की तारीख तय की है। याचिकाकर्ता पक्ष का कहना है कि उस दिन मामले में दलीलें सुने जाने की उम्मीद है, जिसके बाद अदालत आगे का फैसला कर सकती है। अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने यह भी कहा है कि यदि आगरा की अदालत याचिका खारिज करती है तो वह पुनरीक्षण याचिका के जरिए सत्र अदालत का रुख करेंगे। जरूरत पड़ने पर वह ‘जेन-जी’ के खिलाफ कथित टिप्पणियों के मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने की बात भी कह चुके हैं।
इस तरह कंगना रनौत की सोशल मीडिया पर की गई तीखी टिप्पणी अब अदालत की चौखट तक पहुंच गई है। हालांकि, कंगना की ओर से इन आरोपों पर क्या कानूनी जवाब दिया जाएगा, यह अगली सुनवाई में स्पष्ट होगा।
