शहर

Jalandhar News: जालंधर में पुलिस रेड के दौरान क्रॉस फायरिंग में आरोपी युवक की मौत; परिजनों ने लगाया मर्डर का आरोप

Jalandhar News: पंजाब के जालंधर के गांव बंगीवाल में पुलिस रेड के दौरान फायरिंग में आरोपी लवप्रीत की मौत हो गई। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने इसे आत्मरक्षा में की गई क्रॉस फायरिंग बताया है, जबकि परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। पढ़ें पूरी खबर।

Image

मृतक की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Jalandhar News: पंजाब के जालंधर देहात एरिया से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कस्बा मेहतपुर के अंतर्गत आने वाले गांव बंगीवाल में कल देर शाम एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम के ऑपरेशन के दौरान अचानक गोलियां चल गईं। इस फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए आरोपी युवक लवप्रीत उर्फ लवी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मामले को लेकर पुलिस विभाग और मृतक के परिजनों के दावे पूरी तरह अलग-अलग हैं, जिससे विवाद गहरा गया है।

भीड़ ने चलाई गोली, आत्मरक्षा में पुलिस ने किया क्रॉस फायर

मामले की गंभीरता को देखते हुए जालंधर के वरिष्ठ पुलिस कप्तान (SSP) हरविंदर सिंह विर्क ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। एसएसपी विर्क के मुताबिक, मेहतपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी लवप्रीत अपने घर आया हुआ है। इस सूचना पर मेहतपुर के एसएचओ (SHO) अमन सैनी पुलिस टीम के साथ गांव बंगीवाल पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि जब टीम ने आरोपी लवप्रीत को सरेंडर करने के लिए कहा, तो वहां स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते आरोपी और भीड़ की पुलिस टीम के साथ तीखी बहस शुरू हो गई और हालात बेकाबू हो गए।

जालंधर SSP हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि विवाद के दौरान भीड़ ने हाथापाई की और मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली लवप्रीत की टांग में लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत नकोदर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का संगीन आरोप

दूसरी ओर, मृतक लवप्रीत के परिजनों ने पुलिसिया थ्योरी को पूरी तरह खारिज करते हुए बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने फोन पर जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस का यह दावा पूरी तरह झूठा है कि भीड़ ने गोली चलाई। परिजनों के अनुसार, जब पुलिस ने घर पर छापा मारा, तब लवप्रीत बाथरूम के अंदर था। पुलिस कर्मियों ने पहले जबरन बाथरूम का दरवाजा तोड़ा और उसे घसीटते हुए बाहर निकाला। बाहर लाने के बाद पहले डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर पीछे से उस पर सीधी गोली चला दी गई। परिजनों का दावा है कि दो गोलियां लवप्रीत की जांघ के ऊपरी हिस्से में लगी थीं, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान चली गई।

इलाके में तनाव, निष्पक्ष जांच की मांग

एक तरफ जहां पुलिस इसे कानून व्यवस्था की स्थिति और आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बता रही है, वहीं परिजनों के मर्डर के आरोपों ने इस मामले को तूल दे दिया है। घटना के बाद से गांव बंगीवाल और मेहतपुर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिस कर्मियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article