Punjab Accident News: पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दिल दहला देने वाले एक्सीडेंट में 9 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
जलालाबाद से ब्यास जा रही थी पिकअप
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर स्थित जंगावाला मोड़ के पास हुई। फाजिल्का के जलालाबाद से एक ही परिवार और उनके रिश्तेदारों के करीब 25 से 28 लोग पिकअप गाड़ी में सवार होकर अमृतसर के ब्यास जा रहे थे। परिवार के एक बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार हुआ था, जिसके बाद सभी लोग उनके 'फूल तारने' (अस्थि विसर्जन) के लिए ब्यास जा रहे थे। पिकअप गाड़ी अभी फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर स्थित गांव हुसैनशाह वाला के पास जंगावाला मोड़ पर पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक से उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से मृतक के परिवार वालों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिविल अस्पताल से फरीदकोट तक रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस कप्तान (SSP) भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत फिरोजपुर के सिविल अस्पताल और कुछ नजदीकी निजी अस्पतालों में ले जाया गया। घायलों में से कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट के गुरु गोविंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा इस दर्दनाक हादसे के मुख्य कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड स्थित गांव जंगावाला मोड़ के पास पहले भी कई भयानक सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई मासूम लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया घटना पर दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
