शहर

Delhi Hotel Fire: मालवीय नगर अग्निकांड में दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 3 धरे गए

Delhi News: दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक मुख्य मालिक लवकेश बजाज समेत 3 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। पूछताछ में मालिक लवकेश ने कई बड़े और चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पढ़ें पूरी खबर।

Image

हिरासत में लिए गए रसोइए की तस्वीर (ANI)

Photo : ANI

Delhi Hotel Fire Update: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित 'फ्लरिश स्टेज बीएंडबी' (Flourish Stays B&B) होटल में बुधवार को लगी भीषण आग के मामले में दिल्ली पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। 21 लोगों की जान लेने वाले इस खौफनाक हादसे में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, इनमें से एक रसोइया है। मुख्य आरोपी और होटल मालिक लवकेश बजाज को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इन दो नई गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की संख्या अब तीन हो गई है।

बता दें कि आग की घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बड़ा बयान देते हुए कहा था कि मानव जीवन को खतरे में डालने वाली फायर सेफ्टी में लापरवाही, अवैध निर्माण और अन्य नियमों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, रेखा गुप्ता ने कहा कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए कानूनों को कड़ाई से लागू किया गया है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ अधिकतम दो साल की जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का नुकसान करने वाले दोषी अधिकारियों से उनकी तनख्वाह, पेंशन या संपत्ति से वसूली करने संबंधी कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इस विषय पर शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में और भी कड़े फैसले लिए गए हैं।

मालवीय नगर होटल अग्निकांड में गईं 21 जानें

मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) होटल में बुधवार तड़के लगी भीषण आग के बाद आई है। इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 17 विदेशी नागरिक शामिल थे। कई अन्य लोग घायल हुए थे।

जांच में सामने आईं गंभीर खामियां

जांच के दौरान अधिकारियों को भवन में कई गंभीर सुरक्षा उल्लंघन और फायर सेफ्टी से जुड़ी खामियां मिलीं। सूत्रों के मुताबिक, इमारत की खिड़कियां और कांच के पैनल पूरी तरह सील कर दिए गए थे, जिससे धुएं के बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। इसके अलावा, बेसमेंट का प्रवेश द्वार अंदर से बंद मिला। बचाव दल को बेसमेंट तक पहुंचने में लगभग 10 मिनट का समय लग गया। इसी बेसमेंट से 6 से 7 लोगों को बाहर निकाला गया था।

अस्पताल में भर्ती 15 मरीजों का इलाज जारी

वहीं, साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ने बताया कि हादसे में घायल 15 मरीजों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल के अनुसार, भर्ती मरीजों में 13 विदेशी नागरिक हैं। इनमें से 6 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। अस्पताल ने कहा कि वेंटिलेटर पर मौजूद सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनमें सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा 9 अन्य मरीज आईसीयू और विभिन्न वार्डों में भर्ती हैं। अस्पताल के मुताबिक, सभी भर्ती मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article