Jaiveer Singh: सपा के राज्यसभा सांसद जावेद अली के उस बयान, जिसमें उन्होंने भाजपा पर बहुसंख्यक हिंदुओं को "जहरीला" बनाने का आरोप लगाया था, पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जावेद अली से इससे अलग किसी बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती। जयवीर सिंह ने कहा कि अगर अली इस तरह की बातें नहीं कहेंगे तो फिर कौन कहेगा। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में भारत का सम्मान, स्वाभिमान और वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। देश गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
जयवीर सिंह (फाइल फोटो: ANI)
2017 से पहले और वर्तमान समय के आंकड़ों की तुलना
सपा महासचिव रामगोपाल यादव द्वारा प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि उनके बेटे भी इसी क्षेत्र से सांसद हैं, इसलिए उनकी भी जिम्मेदारी बनती है कि वे सकारात्मक भूमिका निभाएं। मंत्री ने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जाननी है तो वर्ष 2017 से पहले और वर्तमान समय के आंकड़ों की तुलना कर लेनी चाहिए।
"एक जिला, एक माफिया" के दौर से बाहर निकला प्रदेश
मंत्री का दावा था कि पहले हालात ऐसे थे कि "एक जिला, एक माफिया" जैसी स्थिति देखने को मिलती थी, लेकिन आज प्रदेश उस दौर से बाहर निकल चुका है, जो सरकार की बड़ी उपलब्धि और गौरव की बात है। वहीं अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के मामले पर मंत्री ने कहा कि बेटी किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव और समाज की होती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है।
"वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट" की ़योजनाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही सरकार
अखिलेश यादव द्वारा छोटे उद्योगों के बंद होने संबंधी लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि या तो अखिलेश यादव ने इस विषय पर ध्यान नहीं दिया है, या फिर वे जानबूझकर सरकार के प्रयासों को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण कुटीर उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और "वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट" जैसी योजनाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। मंत्री के अनुसार, छोटे और लघु उद्योगों को सशक्त बनाने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को गति मिल रही है।
