राजस्थान की राजधानी जयपुर के ग्रामीण इलाके से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार को जयपुर ग्रामीण जिले के खेजड़ावास के पास स्कूली बच्चों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में करीब दो दर्जन (24) स्कूली बच्चे चोटिल हुए हैं। इसके साथ ही बस में सफर कर रही दो महिला शिक्षिकाएं भी घायल हो गई हैं।
जयपुर बस हादसा
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। इसी बीच सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी फौरन मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पलटी हुई बस के भीतर फंसे डरे-सहमे बच्चों को एक-एक करके बेहद सावधानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायल छात्रों और शिक्षिकाओं को इलाज के लिए तुरंत पास के नजदीकी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर ताबड़तोड़ एक्शन, इस साल अब तक 48 लाख से ज्यादा कटे चालान; 2100 लोगों पर FIR दर्ज
मौके पर मौजूद गांव और पुलिस की टीम ने बच्चों को संभाला
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो काफी विचलित करने वाला है। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल बस सड़क पर एक तरफ पूरी तरह से पलटी हुई है। रेस्क्यू किए जाने के बाद मासूम बच्चे सहमे हुए कदम बढ़ाते हुए बस से बाहर आते दिख रहे हैं। मौके पर मौजूद पुलिस और गांव के लोग बच्चों को संभालते और उन्हें दिलासा देते नजर आ रहे हैं।
बस के पलटने की क्या थी मुख्य वजह?
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि बस के पलटने की मुख्य वजह क्या थी-क्या यह ड्राइवर की लापरवाही थी, तेज रफ्तार का मामला था या फिर बस में कोई तकनीकी खराबी आई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों को समय रहते निकाल लिया गया।
