Jaipur News: जयपुर में किडनैप कर युवक की हत्या के एक मामले में जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या उसकी ही प्रेमिका ने पति और भाई के साथ मिलकर करवाई थी। योजना के तहत प्रेमी को पहले जयपुर बुलाकर किडनैप करवाया। पति-भाई के साथ मिलकर प्रेमी के साथ मार-पीट की और अधमरी हालत में उसे करौली में रोड पर फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने हत्या के आरोप में प्रेमिका और उसके पति को गिरफ्तार किया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ करने के साथ ही फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
जयपुर में अपहरण के बाद प्रेमी की हत्या करने वाली महिला पति सहित गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
डीसीपी (ईस्ट) करन शर्मा के अनुसार, मर्डर में आरोपी प्रेमिका छोटी देवी (30) और उसके पति भीम सिंह मीणा (32) निवासी बजीरपुर सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया गया है। सवाई माधोपुर के बजीरपुर निवासी दीपराम मीणा (30) ने 28 अगस्त को अपने भाई रामप्रताप (19) की हत्या का केस दर्ज करवाया था। रामप्रताप सवाई माधोपुर के बजीरपुर में ही रहकर ट्रैक्टर चलाया करता था। ढाणी में रहने वाली भीम सिंह की पत्नी छोटी देवी से उसको प्यार हो गया था। 6 जुलाई को रामप्रताप ने अपने घर से गहने-कैश चोरी किए थे। गहनों को बेचकर रामप्रताप और उसकी प्रेमिका दोनों भागकर जयपुर आ गए थे। जयपुर के जगतपुरा में किराए के मकान में रहकर वह दोनों एक होटल में काम करने लगे।
प्रेमिका ने रची हत्या की साजिश
बता दें कि, जयपुर में रहने के दौरान प्रेमिका ने प्रेमी रामप्रताप की हत्या करने की योजना बनाई। योजना के तहत अपने पति भीम और भाई पुखराज को जयपुर में रहने का पता बता दिया। 21 अगस्त को महिला का भाई पुखराज, जगमोहन, रवि, सुरज्ञान और पति भीम ढूंढते हुए उसे जयपुर पहुंच गए। रात करीब 8 बजे कार लेकर पांचों लोग महिला के कमरे पर पहुंचे। कार में छोटी देवी के साथ प्रेमी रामप्रताप को भी बैठा लिया। आस-पास के लोगों ने पूछा की तो बोले कि दोनों भागकर आए थे और अब उन्हें अपने साथ घर लेकर जाएंगे।
