Rajasthan Road Accident: राजस्थान के बूंदी जिले में शुक्रवार को एक ट्रैक्टर ने कुछ लोगों को कुचल दिया, ये लोग सड़क किनारे एक चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद डाला। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बूंदी में ट्रैक्टर ने लोगों को कुचल दिया
ड्राइवर मौके से फरार
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान लाभाखो गांव के रहने वाले गोपाल राठौर (38) और शंभूलाल बैरागी के रूप में हुई है, जबकि घायलों की पहचान उसी गांव के गोपाल धाकड़ और रामशंकर शर्मा के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
ट्रैक्टर ड्राइवर ने खोया नियंत्रण
डाबी थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल जोशी ने बताया कि घटना शुक्रवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे उस समय हुई, जब मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और चबूतरे पर बैठे लोगों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल ले जाया गया।
