जयपुर : जयपुर में स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 'सुरक्षित सफर अभियान' की शुरुआत की गई है। यह अभियान आरटीओ प्रथम और ट्रैफिक पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है। अब तक लगभग 135 स्कूल और कॉलेजों से संपर्क किया गया है। इस अभियान के तहत स्कूल बसों और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स पर सख्ती बढ़ाई गई है।
platform desk
आरटीओ प्रथम, राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि मंगलवार को लगभग 300 बस ऑपरेटर्स के साथ एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी ने बालिका सुरक्षा से जुड़े इस अभियान में भाग लेने की सहमति दी। अभियान के तहत, लगभग एक हजार स्कूल बसों में जीपीएस, स्पीड गवर्नर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे बसों की गति और रूट की निगरानी की जा सकेगी।
यह पहली बार है जब जयपुर में स्कूली बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की सुरक्षा के लिए इतने बड़े स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं। 16 सितंबर से अभियान में सख्ती लागू की जाएगी, जिसके तहत जिन बसों में अनिवार्य सुविधाएं जैसे जीपीएस, स्पीड गवर्नर और सीसीटीवी नहीं होंगी, उन्हें तुरंत सीज किया जाएगा। सभी आवश्यक मानकों को पूरा करने वाले वाहनों को ही रिलीज किया जाएगा।
