Rajasthan Weather News : जहां एक ओर देश भर के लोग अब तक तेज गर्मी और उमस से परेशान थे तो वहीं, राजस्थान के लोगों को बड़ी राहत मिली। दरअसल, यहां पर आंधी और हल्की बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान जयपुर, दौसा, झुंझुनूं, चुरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर और आसपास के क्षेत्र में आंधी चली और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई जिसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
जयपुर में हुई हल्की बारिश। (सांकेतिक चित्र)
किस क्षेत्र में कितनी बारिश
मौसम विभाग ने बताया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान झुंझुनूं के पिलानी में 8.6 मिलीमीटर, जयपुर में चाकसू में पांच मिलीमीटर, झुंझुनू के चिड़ावा और मलसीसर में चार-चार मिमी, दौसा के लालसोट में चार मिलीमीटर मिलीमीटर, जयपुर के जमवारामगढ़ में तीन मिलीमीटर, फागी में दो मिमी, हवाई अड्डे पर दो मिमी, झुंझुनूं के नवलगढ़ में दो मिमी, और अन्य कुछ स्थानों में एक-एक मिमी बारिश हुई। लोगों ने भी बताया है कि पिछले गई दिनों से लू और भीषण गर्मी से काफी ज्यादा परेशान थे। साथ ही तापमान में गिरावट होने के भी कोई आसार नहीं नजर आ रहे थे, ऐसे में हल्की बूंदाबांदी से काफी राहत मिली है।
क्या कहता है मौसम विभाग
जयपुर मौसम केंद्र प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया है कि आने वाले दो-तीन दिन तक राजस्थान के कई भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 26-27 अप्रैल को राज्य के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिसके फलस्वरूप 26 अप्रैल को दक्षिणी भागों (उदयपुर कोटा एवं आसपास स्थित जोधपुर संभाग के जिलों) में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ तेज हवा चलेगी और हल्की बारिश की भी संभावना है।
इन क्षेत्रों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग की मानें तो 27-28 अप्रैल को आंधी-बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी के आसार हैं। वहीं इसके साथ-साथ जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बादल गरजेंगे और कुछ स्थानों में धूल भरी आंधी (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से), तेज हवाएं व हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि अगले कुछ दिनों में वर्षा होने से 28 अप्रैल से राज्य के ज्यादातर भागों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।
(भाषा इनपुट के साथ)
