Rajasthan Ka Mausam 21-Nov-2025: राजस्थान में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। यहां तापमान लगातार गिर रहा है और उत्तरी बर्फीली हवाओं ने मुसिबत और बढ़ा दी है। यहां खून जमा देने वाली सर्दी का अहसास होने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। कुछ जिले तो ऐसे भी हैं, जहां तापमान गिरकर 6 डिग्री तक पहुंच गया है। लोग सर्दी से बचने के लिए घरों में दुबके हुए हैं। ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर का सहारा लिया जा रहा है। इस बीच शीतलहर में कमी आने से लोगों को कुछ राहत मिली है।
राजस्थान में उत्तरी बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
राजस्थान में आज मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान में सर्दी का सितम जारी है और मौसम शुष्क बना हुआ है। तापमान की कमी से ठंड बढ़ रही है, हालांकि दिन के समय खिली धूप से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। इस बीच शीतलहर में भी कमी आई है। बता दें कि बीते 3-4 दिनों से राजस्थान के कई जिलों में शीतलहर चल रही थी। लेकिन अब शीतलहर में कमी आने से लोगों को राहत मिल रही है। हालांकि, ठंड का स्तर कम नहीं हुआ है, लेकिन सर्द हवाओं से राहत मिली है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान में आने वाले दिनों में भीषण सर्दी का कहर देखने को मिलेगा। ठंड के साथ राजस्थान वासियों को कोहरे की भी मार झेलनी पड़ेगी। घने कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित होगी। इस दौरान लोगों को सतर्क रहते हुए यात्रा करने की सलाह दी जाती है। फिलहाल प्रदेश में कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिल रहा है। रातें सर्द बनी हुई है। आगामी दिनों में लोगों को न दिन में ठंड से राहत मिलेगी और न ही रात में।
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री, नागौर में 6.2 डिग्री, सिरोही 7.2 डिग्री, सीकर 7.5 डिग्री, जालौर 8 डिग्री, दौसा 8.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 9 डिग्री, चूरू 9 डिग्री, भीलवाड़ा 9.5 डिग्री, अलवर 9.5 डिग्री, करोली 9.9 डिग्री, जोधपुर 10.9 डिग्री और जयपुर में 12.3 डिग्री दर्ज किया गया है।
