Rajasthan Vidhan Sabha Bomb Threat: जयपुर में राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी (Rajasthan Assembly Bomb Threat) मिलने से हड़कंप मच गया है। यह विधानसभा प्रदेश की सबसे सुरक्षित जगहों में गिनी जाती है, लेकिन आज मिले एक अज्ञात ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। ईमेल में दावा किया गया कि दोपहर 1 बजे विधानसभा परिसर में बड़ा धमाका किया जाएगा। धमकी मिलते ही प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। विधानसभा परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई और कमांडो के साथ-साथ बम निरोधक दस्ता (BDDS) को तैनात कर दिया गया।
जयपुर में हाई अलर्ट, विधानसभा खाली
डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की गहन जांच शुरू
डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की गहन जांच शुरू की गई। गार्डन, पार्किंग एरिया, गलियारों और सभी कमरों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा कारणों से विधानसभा के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया। जो कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंच रहे थे, उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया और अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है।
कुछ दिन पहले भी इसी तरह की मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब राजस्थान विधानसभा को धमकी मिली हो। कुछ दिन पहले भी इसी तरह की धमकी दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ही मजबूत किया गया था। लगातार मिल रही इन धमकियों ने पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश छिपी हुई है। इंटेलिजेंस ब्यूरो और राजस्थान पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
