जयपुर : राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के बाद अब राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। 2019-20 में जारी दीपक नाम के छात्र की मार्कशीट में करेक्शन के दौरान 50 से अधिक मार्कशीट में फर्जीवाड़ा पाया गया। जांच में पता चला कि छात्रों के जेंडर तक बदल दिए गए हैं।
क्राइम (तस्वीर साभार-Istock)
उदाहरण के लिए, ध्रुव जैन को कोमल गहलोत और पंकज उदानिया को पारुल बाला बना दिया गया। इस मामले की शिकायतें मंत्री तक पहुंच चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। संविदाकर्मी की आईडी से घपला और शैक्षिक अधिकारी के आईडी-पासवर्ड की चोरी के मामले में अधिकारियों ने पिछले 7 साल का डेटा मांगा।
88 छात्रों की पहली लिस्ट में 50 से अधिक छात्रों के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और फोटो में बदलाव पाया गया। हालांकि, हस्ताक्षर में बदलाव नहीं किया गया। आरोपी राकेश की एसएसओ आईडी से अधिकांश करेक्शन किए गए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि उन्होंने एफआईआर दर्ज करवाई है और यदि और मामले सामने आए तो वह कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जीवाड़े की जांच में किस दबाव के कारण देरी हो रही है, इसकी भी जांच की जा रही है।
