Jaipur Kite Festival: मरुधरा में 14 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। सिटी पैलेस जयपुर में बहुप्रतीक्षित ‘पतंग महोत्सव‘ का आगाज हो गया है। राजस्थान पर्यटन विभाग भी जयपुर में 14 जनवरी को काइट फेस्टिवल का आयोजन करा रहा है। इस फेस्टिवल में पर्यटक जमकर पतंगबाजी का लुत्फ उठा सकेंगे। गुलाबी नगरी जयपुर में दो वर्ष बाद इस बार आमेर रोड पर जलमहल की पाल पर पतंग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना काल में फेस्टिवल का आयोजन नहीं किया गया था। 14 जनवरी सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक पतंगबाजी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कलाकारों की प्रस्तुतियां भी इसमें होंगी।
राजस्थान में पतंग उत्सव का आयोजन करा रही गहलोत सरकार
मकर संक्रांति पर्व के मौके पर देशी और विदेशी सैलानियों को स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाने का भी मौका मिलेगा। पर्यटन विभाग ने फेस्टिवल की तैयारियां पूरी कर ली हैं। दाल के पकौड़े, मूंगफली की गुड़ पट्टी, तिल के लड्डू, फीणी जैसे पारंपरिक व्यंजन पर्यटकों के लिए रहेंगे।
