Rajasthan Aid to Uttarakhand 2025: राजस्थान सरकार ने उत्तराखंड में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न संकटपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए पांच करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस मुश्किल घड़ी में गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा, "प्राकृतिक आपदा के इस दुःखद समय में हम उत्तराखंडवासियों की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझते हैं।"
संकट के समय उत्तराखंड के साथ खड़ा राजस्थान
मुख्यमंत्री शर्मा ने आगे कहा कि राजस्थान के लोग इस संकट के समय में उत्तराखंड के भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने आशा जताई कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा होगा। इस मदद के लिए मुख्यमंत्री धामी ने राजस्थान सरकार का आभार प्रकट किया। अधिकारियों के अनुसार, यह राशि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तात्कालिक राहत और पुनर्वास कार्यों में खर्च की जाएगी।
उत्तराखंड में अब तक की तबाही का विवरण
गौरतलब है कि इस मानसून सीजन में उत्तराखंड को बादल फटने, बाढ़, मलबे और भूस्खलन जैसी कई प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल से अब तक इन आपदाओं में 77 लोगों की जान जा चुकी है, 94 लोग लापता हैं और 68 अन्य घायल हुए हैं। साथ ही, 229 मकान पूरी तरह से और 1,828 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
(इनपुट - भाषा)
