Rajasthan पुलिस के लिए सरकार ने खोला पिटारा, खर्चों में की बढ़ोतरी; इन बसों में कर सकेंगे फ्री सफर

राजस्थान सरकार ने पुलिसकर्मियों के वर्दी, मेस भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके अलावा पुलिसकर्मी अब रोडवेज की सेमी डीलक्स बस में मुफ्त यात्रा भी कर सकेंगे।

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को राज्य के पुलिसकर्मियों के वर्दी और मेस भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसकर्मी अब रोडवेज की सेमी डीलक्स बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। शर्मा ने जयपुर स्थित पुलिस अकादमी में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस परेड के निरीक्षण के बाद अपने संबोधन में उक्त घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पुलिस के जवानों का साहस, सेवा भाव और बलिदान अतुलनीय है। पुलिस की वर्दी सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी, एक वचन और जीवन का एक अर्थ है। पुलिसकर्मी सही मायनों में समाज के असली नायक हैं। वे हर दिन, हर मौसम, हर चुनौती के बावजूद लगातार सेवा में जुटे रहते हैं। हर संकट में सबसे पहले खड़े होकर जान-माल की रक्षा करते हैं।

Rajasthan Police allowance Hike

राजस्थान पुलिस के भत्ते में बढ़ोतरी

इतने रुपये भत्ते की बढ़ोतरी

आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कांस्टेबल से सहायक उप निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मियों के वर्दी भत्ते को सात हजार रुपये से बढ़ाकर आठ हजार रुपये करने, जबकि पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों का मेस भत्ता 2,400 रुपये से बढ़ाकर 2,700 रुपये करने की घोषणा की। बयान के अनुसार, शर्मा ने कांस्टेबल से पुलिस निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मियों को एक्सप्रेस श्रेणी की बस के अलावा सेमी डीलक्स बस में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की ढाल हैं। वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही समाज के हर वर्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। पुलिसकर्मियों को समय पर पदोन्नति देने के लिए हमारी सरकार सभी आवश्यक कदम उठाएगी।

End of Feed