जयपुर

महिला मुन्नाभाई : किसी और से एग्जाम दिलाकर बनी पुलिस सब इंस्पेक्टर, जोधपुर से गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस ने एक महिला मुन्नाभाई को गिरफ्तार किया है। इस महिला मुन्नाभाई ने अपनी जगह किसी अन्य को परीक्षा में बिठाया और पास होने के बाद पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बन गई। ट्रेनी महिला SI को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और अब मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश हो रही है।

Image

राजस्थान में ट्रेनी महिला सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार (फोटो - AI Image)

फिल्मी अंदाज में किसी अन्य को परीक्षा में बिठाकर पास होने वाले मुन्नाभाईयों के बारे में तो आपने कई खबरें पढ़ी और सुनी होंगी। राजस्थान से ऐसी ही लेकिन अनोखी खबर सामने आयी है। जहां एक महिला मुन्नाभाई ने अपनी जगह डमी कैंडिडेट से न सिर्फ एग्जाम दिलवाया, बल्कि पास होने के बाद पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर भी बन गई। हालांकि, उसका यह झूठ ज्यादा दिन नहीं चला और पुलिस ने अपने ही विभाग में तैनात इस महिला मुन्नाभाई को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल राजस्थान SOG की टीम ने कल यानी सोमवार 12 मई को जोधपुर पुलिस लाइन से एक महिला ट्रेनी SI समेता कुमारी को गिरफ्तार किया। समेता कुमारी ने साल 2021 में SI भर्ती परीक्षा में हिस्सा लिया था। लेकिन इस परीक्षा में समेता ने अपनी जगह संगीता विश्नोई नाम की डमी कैंडिडेट को बिठा दिया।

डमी कैंडिडेट ने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया और उसके दम पर समेता कुमारी ने यह एग्जाम पास भी कर लिया। बता दें कि यह परीक्षा 14 सितंबर 2021 को आयोजित हुई थी। कमेता , जालोर के चितलवाना की रहने वाली है और इस मामले में उससे डमी कैंडिडेट संगीता विश्नोई के साथ हुए पैसे के लेन-देन के बारे में भी पूछताछ हो रही है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार समेता ने तुरंत यह नहीं बताया था कि संगीता ने उनके बदले परीक्षा देने के लिए उनसे कितनी रकम ली थी। SOG को उम्मीद है कि समेता कुमारी इस मामले में कई अन्य ट्रेनी SI के नाम का भी खुलासा कर सकती है, जिन्होंने उनकी तरह ही एग्जाम पास किया है।

खबर है कि समेता के संपर्क में कई अन्य ट्रेनी SI भी थे, जिन्होंने उनकी ही तरह फर्जी तरीके से एग्जाम पास किया और मौजूदा समय में राज्ये विभिन्न जिलों की पुलिस लाइनों में तैनात हैं। SOG मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है और सभी संदिग्ध की पहचान की कोशिश में लगी है।

इस तरह से पुलिस भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार गंभीर मुद्दा है। इससे पुलिस विभाग की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लग सकते हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article