पटना

ये स्टूडेंट्स तो बमबाज निकले, छात्रों में झगड़े के बीच कॉलेज में चले देसी बम, एक का सिर फटा

बिहार की राजधानी पटना के बीएन कॉलेज में छात्रों के बीच झड़प ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि कॉलेज में देसी बम फूटने लगे। दो धमाकों से कॉलेज परिसर दहल गया और छात्रों के बीच इस बमबाजी के चलते एक छात्रा के सिर में गंभीर चोटें आयी हैं।

Image

बीएन कॉलेज में छात्रों के बीच चले देसी बम (फोटो - AI Image)

हमारा पड़ोसी देश अक्सर धमकी देता है कि उसके पास पाव-पाव किलो के न्यूक्लियर बम हैं, जिन्हें वह भारत के खिलाफ इस्तेमाल कर सकता है। पाकिस्तान के पास पता नहीं, लेकिन बिहार में छात्रों के बाद ऐसे देसी बम जरूर हैं। तभी तो राजधानी पटना के बीएन कॉलेज में आज यानी मंगलवार 13 मई को छात्रों में झगड़ा हुआ तो वहां बमबाजी होने लगी।

कॉलेज में सीआईए की परीक्षा चल रही थी। हॉस्टल की ओर से यहां कुछ छात्रों ने देसी बम फेंके, जिससे वहां दो धमाके हुए। इस बमबाजी में सुजीत पांडेय नाम के एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आयी। इस घटना के बाद घायल सुजीत को PMCH में भर्ती कराया गया। सुजीत पांडेय बिहार में रोहतास जिले के भालुनी का रहने वाला है।

पुलिस ने बमबाजी के इस मामले में दो छात्रों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान एक अन्य छात्र, जिसका नाम हर्ष है को जबरन क्लासरूम से खींचकर बाहर ले जाया गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। Livehindustan की रिपोर्ट के अनुसार हर्ष और एक अन्य स्टूडेंट रौशन को पुलिस ने पीहरबोर थाने में रखा है।

घटना मंगलवार दोपहर 12.45 बजे हुई, जब छात्र हॉस्टल में घुसकर बम फेंकने लगे। इस घटना से कैंपस में दहशत का माहौल हो गया। इस घटना से गुस्से में आये छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य प्रो. राज किशोर प्रसाद के दफ्तर का घेराव किया और उनके चैंबर की बिजली काट दी।

यही नहीं छात्रों ने सड़क पर जाम लगाकर भी हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। लेकिन इस घटना से कॉलेज परिसर में सुरक्षा और अनुशासन की गंभीर समस्या उजागर हुई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article