Rajasthan Mock Drill: आज यानी शनिवार, 31 मई को राजस्थान के सभी 41 जिलों में 'ऑपरेशन शील्ड' के तहत नागरिक सुरक्षा सुदृढ़ करने एवं इसका आकलन करने के लिए 'मॉक ड्रिल' और 'ब्लैक आउट' होगा। इसमें युद्ध के समय हवाई हमलों से बचने के लिए लोगों को जानकारी दी जाएगी। इस दौरान शहरों में चेतावनी वाले सायरन बजेंगे और ब्लैक आउट किया जाएगा।
राजस्थान में मॉक ड्रिल
राज्य के मुख्य सचिव सुधांश पंत ने इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसमें उन्होंने सायरन प्रणाली को दुरुस्त रखने व 'प्रतिक्रिया' समय को न्यूनतम करने को कहा । इस संबंध में जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पंत ने कहा कि अधिकारी सभी संचार माध्यमों एवं सायरन प्रणाली को दुरुस्त कर संचार प्रणाली का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करें। नागरिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक जगजीत सिंह मोंगा ने मॉक ड्रिल के दौरान वायु सेना, चिकित्सा, स्थानीय निकाय, गृह रक्षा, ऊर्जा, पुलिस विभाग तथा जिला प्रशासन की भूमिका को रेखांकित किया। जानकारी के लिए बता दें कि गृह विभाग के निर्देशों के अनुसार, एक जिले के एक ही स्थान पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
मॉक ड्रिल का समय और स्थान गोपनीय
बता दें कि राजस्थान के 41 जिलों में होने वाली मॉक ड्रिल के स्थान की सूचना को गोपनीय रखा गया है। ताकि मॉक ड्रिक के दौरान अभ्यास की प्रभावशीलता बनी रहे। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई है कि वह अभ्यास के दौरान धैर्य और सहयोग बनाए रखें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की भी सलाह दी गई है।
(इनपुट - भाषा)
