राजधानी जयपुर के VVIP इलाके सिविल लाइंस में गुरुवार सुबह लेपर्ड पहुंच गया। लेपर्ड सुबह करीब 9 बजे सबसे पहले लेन नंबर 6 पर बने एक घर में घुसा। फिर लेपर्ड जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के सरकारी बंगले में देखा गया। इसके बाद लेपर्ड टाइनी ब्लॉसम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में घुस गया। ऐसे में बच्चों को क्लासरूम में बंद कर दिया गया। लेपर्ड इलाके के एक से दूसरे घर में मूवमेंट करता रहा।
जयपुर की VIP इलाके में घुसा तेंदुआ
दो घंटे बाद सुबह करीब 11 बजे लेन नंबर 6 के उसी घर से लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज किया गया, जहां वह सबसे पहले घुसा था। लेपर्ड को झालाना रिजर्व ले जाया गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक इलाके के लोग दहशत में रहे।
सिविल लाइंस इलाके में राजभवन, सीएम आवास समेत कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास हैं। लेपर्ड के सिविल लाइंस इलाके में आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज गन के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। जयपुर में इससे पहले भी आबादी वाले इलाकों में लेपर्ड घुस चुका है।
