Kota News: कोटा में पढ़ाई करने गए एक 16 वर्षीय छात्र पर इश्क का ऐसा भूत ऐसा सवार हुआ कि वह अपनी 14 साल की प्रेमिका के साथ घर बसाने के लिए ट्रेन पर सवार हो गया। जब इस बात की खबर दोनों के मां-बाप को हुई तो पुलिस में इसकी शिकायत की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को कोटा जंक्शन पर पकड़ लिया।
कोटा जंक्शन
पुलिस ने बताया, दोनों जयपुर-मुंबई ट्रेन में सवार थे। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कोचिंग की पढ़ाई कर रहा 16 वर्षीय छात्र और महाराष्ट्र की रहने वाली 14 वर्षीय लड़की के बीच सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी। पुलिस ने दोनों को बुधवार की रात करीब 11 बजे कोटा जंक्शन से बरामद किया।
11 सितंबर पर को दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी की शिकायत
कोटा शहर के पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने बताया कि लड़के के पिता ने 11 सितंबर को जवाहर नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा गत शनिवार से लापता है। उन्होंने कहा कि एक और शिकायत लड़की के लापता होने के संबंध में महाराष्ट्र के वर्धा जिले के देवली पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि लड़का 10 सितंबर को कोटा से ट्रेन के जरिये नागपुर पहुंचा था और इसके बाद 14 साल की लड़की के साथ जयपुर गया था।
पुलिस को मिली लाइव लोकेशन
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगे की जांच में जानकारी मिली कि दोनों नाबालिग जयपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हैं जिसके बाद जवाहर नगर पुलिस और मानव तस्करी रोधी दस्ते ने संयुक्त अभियान चलाया और बुधवार की रात करीब 11 बजे उन्हें कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि लड़की के बारे में वर्धा पुलिस को जानकारी दे दी गई है।
