Jaipur: अपने राजसी वैभव के लिए प्रसिद्ध जयपुर के आराध्य गोविंद देव जी मंदिर में होली पर्व को अनूठे ढंग से मनाया जाता है। इसे देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी सैलानी आते हैं। चार दिन तक चलने वाले इस बेहतरीन आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने देश भर के कलाकारों का संगम यहां जुटता है। इस बार चार दिवसीय होलिकोत्सव की शुरुआत रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुई। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी और मैनेजर मानस गोस्वामी ने सत्संग भवन में सर्व प्रथम ठाकुरजी का पूजन किया।
जयपुर के आराध्य गोविंद देव जी मंदिर में चार दिवसीय फागोत्सव आरंभ (फाइल फोटो)
आयोजन के तहत गोविंद देव जी को कलाकारों ने अरजी म्हारी जी होली खेलण की मरजी थारी जी फाग सुनाया। वहीं पाछा सें मटकी फोड़ी या काईं की होरी जैसी रचना के जरिए भगवान की आराधना की। इसके बाद में कई कलाकारों ने नृत्य व कान्हा जी के फाग का सजीव चित्रण कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों से तालियां बटौरी। इस मौके पर नृत्य गुरू शशि सांखला व उनके साथियों ने कृष्ण वंदना पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर गोविंद देव जी के दरबार में चल रहे फागोत्सव की रौनक बढ़ाई। इसके बाद एक से बढ़कर एक कृष्ण लीलाओं को कथक के जरिए प्रस्तुत कर मंदिर की फिजा में होली महोत्सव की खुशियां भर दी।
