Holi Festival 2023: राजस्थान का इतिहास जहां समृद्ध परंपराओं व राजसी वैभव वाला रहा है। वहीं यहां त्योहारों को लेकर धार्मिक मान्यताएं भी किसी से छिपी नहीं हैं। देश के इस प्रदेश में पर्वों व मेलों की रवायतें हर किसी का अचंभित करती हैं। फागुन की मस्ती से सराबोर होली का त्योहार देश भर में मनाया जा रहा है।
राजस्थान के राजसमंद के द्वारकाधीश मंदिर में मशालों को करते होली पर प्रज्वलित (फाइल फोटो)
इसी कड़ी में आपको बताने जा रहे हैं, राजस्थान की अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित राजसमंद जिले के कांकरोली कस्बे में स्थित पुष्टिमार्ग की तीसरी पीठ श्री द्वारिकाधीश मंदिर के बारे में। जहां पर होली से एक दिन पहले मशालें प्रज्वलित की जाती है। बता दें कि, ये परंपरा यहां सदियों से चली आ रही है। इस मौके पर चौरासी खंभ व राल के दर्शनों के लिए यहां देश भर के श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इनके दर्शनों का भक्त साल भर बेताबी से इंतजार करते हैं। फागोस्तव के दौरान मंदिर में होने वाले कई तरह के आयोजनों में शामिल होने राजस्थान समेत गुजरात, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश से खासी तादाद में लोग कांकरोली आते हैं।
