Heatwave in Rajasthan : क्या दिन क्या रात, आग में तप रहा राजस्थान, पारा पहुंचा 47.2 डिग्री पार

Heatwave in Rajasthan : राजस्थान में गर्मी का सितम जारी है। दिन और रात के दौरान एक जैसा मौसम है, जिससे लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के पिलानी में सर्वाधिक तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

Heatwave in Rajasthan : राजस्थान में गर्मी अब दिन के साथ-साथ रात में भी सितम बरसा रही है जहां राजधानी जयपुर में बीती मंगलवार रात पारा 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीमावर्ती जैसलमेर में यह 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर ने आगामी दो-तीन दिन में तापमान और बढ़ने की संभावना के साथ-साथ राज्य के अधिकांश स्थानों पर तेज गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी के बीच राज्य में चिकित्सा व पेयजल विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें मुख्यालय पर ही रहने को कहा गया है।

कुछ ऐसा है तापमान

मौसम केंद्र के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राजधानी जयपुर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 44.9 डिग्री व 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में पड़ रही गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीती रात जैसलमेर में तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 33.8 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर व फतेहपुर में 32.6 डिग्री सेल्सियस और कोटा में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सर्वाधिक तापमान पिलानी में 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

End of Feed