जयपुर : राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डम्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे पांच वर्षीय एक लड़के समेत एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना प्रतापगढ़ शहर में दौसा रोड पर झिरी स्टैंड के निकट हुई। इसने बताया कि घटनास्थल से लगभग 20 किलोमीटर दूर मेजोद गांव के निवासी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी प्रतापगढ़ से झिरी की ओर आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
(तस्वीर: Pixabay)
इनकी हुई मौत
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान बाबूलाल (40), उनके भतीजे मोनू (05), अशोक (22) और नरसी (25) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि बाबूलाल, मोनू और अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरसी ने जयपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि परिवार जयपुर के जामवा रामगढ़ इलाके जा रहा था।
दुर्घटना के बाद, गुस्साए ग्रामीणों ने थानागाजी क्षेत्र में अलवर-जयपुर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जाम के बीच, स्थानीय लोगों और वहां से गुजरने की कोशिश कर रहे यात्रियों के बीच हाथापाई हुई और भीड़ ने एक राहगीर की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए प्रतापगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है।
