KJP21 Cheetah Cubs: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से प्रोजेक्ट चीता के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है। भारतीय धरती पर जन्मी मादा चीता KJP21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इस नए जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिसमें 41 चीते देश में ही जन्मे हैं।
शावकों के जन्म से देश में चीतों की संख्या बढ़कर हुई 60 (फोटो- X/Mohan Yadav)
प्रोजेक्ट चीता के लिए बड़ी उपलब्धि- सीएम यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए प्रोजेक्ट चीता और कूनो नेशनल पार्क की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पांच नए शावकों का जन्म भारत में चीता संरक्षण अभियान के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने इसे देश में चीता आबादी को दोबारा स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को और मजबूत करती है तथा प्रोजेक्ट चीता के तहत किए जा रहे प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।
भूपेंद्र यादव ने बताया ऐतिहासिक और खुशी का क्षण
वहीं, भारत सरकार में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस उपलब्धि को प्रोजेक्ट चीता के लिए ऐतिहासिक और खुशी का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि KJP21 भारत में जन्मी तीसरी ऐसी मादा चीता बन गई है, जिसने देश में शावकों को जन्म दिया है। इससे पहले मुकी और KGP12 भी भारत में जन्म के बाद शावकों को जन्म दे चुकी हैं। इसे भारत में चीतों की अगली पीढ़ी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन पांच नए शावकों की एक और खासियत है। इनके पिता बोत्सवाना से लाए गए नर चीता हैं। ऐसे में इन शावकों के जन्म के साथ भारत में बोत्सवाना की चीता वंशावली की भी शुरुआत हुई है। केंद्रीय मंत्री ने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, फील्ड स्टाफ, प्रबंधन टीम और अन्य सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन लोगों की लगातार मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता से भारत में चीता पुनर्स्थापना अभियान को लगातार नई उपलब्धियां मिल रही हैं। उन्होंने नए जन्मे शावकों का स्वागत करते हुए इसे भारत में चीता पुनर्वास की कहानी का एक और यादगार अध्याय बताया।
