Independence Day 2026 Delhi Traffic Advisory : स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर व्यवस्थाओं पुख्ता की जा रही हैं। 15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले पर मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री देश को संबोधित करेंगे। समारोह को देखते हुए सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। हालांकि, आम लोगों की सुविधा के लिए लाल किले और आसपास के इलाकों में 15 अगस्त को कई ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार सुबह 4 बजे से 10 बजे तक के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी (फोटो-AI)
सुबह 4 बजे से 10 बजे तक इन सड़कों पर सामान्य यातायात बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एडवाइजरी के अनुसार, 15 अगस्त को सुबह 4:00 बजे से 10:00 बजे तक कुछ मार्ग सामान्य यातायात के लिए बंद रहेंगे। इन मार्गों पर केवल वैध लेबल वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
- नेताजी सुभाष मार्ग- दिल्ली गेट से चट्टा रेल चौक तक
- लोथियन रोड-जीपीओ दिल्ली से चट्टा रेल चौक तक
- एस.पी. मुखर्जी मार्ग- एच.सी. सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक
- चांदनी चौक रोड -फाउंटेन चौक से लाल किले तक
- निशाद राज मार्ग -रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक
- एस्प्लेनेड रोड और लिंक रोड- नेताजी सुभाष मार्ग तक
- रिंग रोड -राजघाट से आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एडवाइजरी: इन सड़कों से भी बचने की सलाह
पुलिस ने कहा है कि जिन यात्रियों के पास वैध पार्किंग लेबल नहीं है, उन्हें 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से 10 बजे के बीच इन मार्गों से बचना होगा।
- सी-हेक्सागन, इंडिया गेट
- कॉपरनिकस मार्ग
- मंडी हाउस
- तिलक मार्ग
- मथुरा रोड
- बीएसजेड मार्ग
- नेताजी सुभाष मार्ग
- जे.एल. नेहरू मार्ग
- निजामुद्दीन खट्टा और आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड
- आउटर रिंग रोड, सलीमगढ़ बाईपास के रास्ते
यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग
उत्तर-दक्षिण दिशा में आने-जाने वालों के लिए अरबिंदो मार्ग से सफदरजंग रोड होते हुए कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग और एसपी मार्ग की ओर जाएं। इसके बाद 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रेसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग और पंचकुइयां रोड होते हुए रानी झांसी रोड पहुंचा जा सकता है।पूर्व-पश्चिम दिशा में आने-जाने वालों के लिए
एनएच-24/एनएच-9 से निजामुद्दीन खट्टा होते हुए बारापुल्ला रोड और फिर रिंग रोड का इस्तेमाल करें। वैकल्पिक तौर पर डीएनडी से बारापुल्ला रोड होते हुए रिंग रोड जा सकते हैं।
ट्रांस-यमुना से उत्तर दिल्ली जाने वालों के लिए पुस्ता रोड से जीटी रोड होते हुए युधिष्ठिर सेतु जाएं। यहां से आईएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर बढ़ सकते हैं।
व्यावसायिक वाहनों और बसों पर भी प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, मालवाहक वाहनों को 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त को सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि के दौरान अंतरराज्यीय बसों को महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच चलने की अनुमति नहीं होगी। प्रभावित मार्गों पर सिटी बसों और डीटीसी सेवाओं को ट्रैफिक प्लान के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले से बनाने और समय से घर से निकलने की अपील की है। यात्रियों को प्रतिबंधित मार्गों से बचने और जहां संभव हो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। लोगों से अतिरिक्त यात्रा समय रखने, ट्रैफिक सिग्नल, वैरिएबल मैसेज साइन (VMS) और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
साथ ही, लोगों को वास्तविक समय की यातायात जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध या अज्ञात वस्तु को न छूने और इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी को देने को कहा गया है।
