Aaj Ka Mausam: उत्तर और मध्य भारत समेत देश के कई हिस्सों में सूरज की तपिश से बेहाल लोगों को मौसम के बदले मिजाज ने बड़ी राहत दी है। दिल्ली-NCR से लेकर यूपी-बिहार और राजस्थान तक धूल भरी आंधी के साथ हुई बारिश ने पारे को नीचे ला दिया है। हालांकि, मौसम का यह रूप अभी और आक्रामक होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज के मुताबिक, देश के 19 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान मैदानी इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में वज्रपात और भारी वर्षा का अनुमान है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज? जानिए इसके पीछे का विज्ञान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय भारत के वायुमंडल में दो बड़े चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हैं, जो मानसूनी हवाओं को भारी नमी दे रहे हैं। पहला तो मध्य पाकिस्तान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर निचले क्षोभमंडल स्तर (Lower Troposphere Level) पर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण (Induced Cyclonic Circulation) बना हुआ है। दूसरा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्र में निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तरों के बीच एक और चक्रवाती वेदर सिस्टम सक्रिय है।
इन दोनों सिस्टमों के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है, जो आंधी और बारिश का मुख्य कारण बन रही है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दक्षिण और पूर्वोत्तर में 'रेड अलर्ट'
IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 5 जून को कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कई हिस्सों में आगे बढ़ते हुए अपनी रफ्तार काफी तेज कर दी है। अगले 48 से 72 घंटों के भीतर मानसून के महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, अरब सागर और पूर्वोत्तर भारत के बचे हुए हिस्सों में दस्तक देने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से केरल में 6 और 7 जून को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले एक सप्ताह तक मूसलाधार बारिश जारी रहने के कारण निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन (Landslide) का खतरा बढ़ गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पटना AIIMS में महिला कर्मी और नाबालिग बेटी से छेड़छाड़; व्हाट्सएप चैट ने खोली पोल, आरोपी अधिकारी गिरफ्तार
दिल्ली-एनसीआर का मौसम: सुहावने वीकेंड के बाद बढ़ेगा पारा
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार (6 जून) को भी दिल्ली में गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। हालांकि, इसके बाद दिल्ली में मौसम तेजी से साफ होने लगेगा। 7 जून, रविवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 8 जून को धूप खिलेगी, अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान है। 9 और 10 जून को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इन दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
उत्तर प्रदेश और बिहार: कहीं आंधी-तूफान, कहीं लू का प्रकोप
उत्तर प्रदेश: यूपी के कई जिलों में आंधी-तूफान का दौर जारी है। शनिवार (6 जून) को लखनऊ, रायबरेली, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद और आगरा समेत पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश का अलर्ट है। हालांकि, पूर्वी यूपी के गोरखपुर, बलिया, देवरिया और आजमगढ़ में 9 से 11 जून के बीच एक बार फिर लू का असर देखने को मिल सकता है, जिसके बाद 10-11 जून को वहां दोबारा बारिश की संभावना है।
बिहार: भीषण गर्मी की मार झेल रहे बिहार में भी आंधी-बारिश ने दस्तक देकर मौसम को सुहावना बना दिया है। मौसम विभाग ने आज पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, गया, बक्सर, सिवान, सारण, भोजपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और बेगूसराय में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- फिरोजपुर में काल बनी तेज रफ्तार; ट्रक और पिकअप की भिड़ंत में 7 की मौत, 10 से ज्यादा घायल
पहाड़ी राज्यों और राजस्थान का हाल
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: पहाड़ों पर भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून, मसूरी, नैनीताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, चंपावत, टिहरी गढ़वाल, चमोली और उधम सिंह नगर में 6 और 7 जून को भारी बारिश और 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली (कुल्लू), मंडी, कांगड़ा, चंबा, सिरमौर, सोलन, किन्नौर और ऊना में 6 से 11 जून के बीच हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान: राजस्थान में चक्रवाती परिसंचरण के असर से 8 जून तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार को हनुमानगढ़, चुरू, भरतपुर, जयपुर, झुंझुनू, सीकर, सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, टोंक, बीकानेर, चित्तौड़गढ़ और बांसवाड़ा में भारी बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
IMD की आम जनता और किसानों को खास एडवाइजरी
मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और खराब मौसम को देखते हुए आम नागरिकों और किसानों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं। लोगों को सुझाया गया है कि आंधी और बिजली कड़कने के दौरान लोग अपने घरों के अंदर रहें, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। बिजली गिरने (वज्रपात) की आशंका को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को प्लग से निकाल दें। भारी बारिश और तेज हवाओं से खड़ी फसलों और बागों को नुकसान हो सकता है। इसलिए किसान भाई खेतों से अतिरिक्त जल निकासी की व्यवस्था करें और पशुपालक अपने मवेशियों को सुरक्षित शेड के नीचे बांधें।
