Patna News: पटना AIIMS से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला कर्मचारी और उसकी नाबालिग बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ और लंबे समय से उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और आउटसोर्स कनीय प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़ी कई अन्य गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नौकरी से निकालने की धमकी देकर दो साल से कर रहा था प्रताड़ित
पीड़ित महिला कर्मचारी ने पुलिस और एम्स प्रशासन को दी अपनी शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी अश्विनी कुमार सिंह पिछले करीब दो वर्षों से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसके साथ दफ्तर में अनुचित व्यवहार करता था। महिला कर्मी ने जब भी उसके इन गलत इरादों और हरकतों का विरोध किया, तो आरोपी अधिकारी अपनी प्रशासनिक पावर का धौंस दिखाते हुए उसे नौकरी से टर्मिनेट करने की सीधी धमकी देता था। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने महिला की नाबालिग बेटी को भी अपनी हवस और बदसलूकी का निशाना बनाने का प्रयास किया और उसके साथ भी छेड़छाड़ की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- सीएम योगी के टोंटी वाले तंज पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार; CM का मतलब बताया 'करप्ट माउथ'
व्हाट्सएप चैट और तकनीकी सबूतों से खुली पोल
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को भांपते हुए पटना एम्स प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया। इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच के लिए तत्काल प्रभाव से एक छह सदस्यीय उच्च स्तरीय आंतरिक जांच समिति का गठन किया गया था। इस जांच समिति ने पीड़िता द्वारा सौंपे गए साक्ष्यों, दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट और अन्य पुख्ता तकनीकी साक्ष्यों की गहराई से स्क्रूटनी की। एम्स की आंतरिक जांच रिपोर्ट में महिला कर्मचारी और उसकी नाबालिग बेटी द्वारा लगाए गए सभी संगीन आरोपों की पुष्टि हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली के पुष्प विहार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; स्पेशल स्टाफ ने 3 को दबोचा
फुलवारी शरीफ थाने में FIR, आरोपी भेजा गया जेल
आंतरिक समिति की जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के तुरंत बाद एम्स प्रशासन ने बिना देर किए फुलवारी शरीफ थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। एम्स प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मामले में नाबालिग बच्ची से जुड़ाव होने के कारण पुलिस ने आरोपी अश्विनी कुमार सिंह के खिलाफ सख्त 'पॉक्सो एक्ट' (POCSO) के साथ-साथ महिला उत्पीड़न और छेड़छाड़ की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया और उसे अविलंब गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से तफ्तीश की जा रही है।
