IIIT रांची में छात्र की मौत, तीन सदस्यीय जांच समिति का हुआ गठन, DU के साउथ कैंपस की डायरेक्टर करेंगी अध्यक्षता

IIIT Ranchi Student Death: झारखंड के IIIT रांची में प्रथम वर्ष के छात्र की मौत के मामले ने संस्थान की व्यवस्थाओं और छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की तह तक पहुंचने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की निदेशक रजनी अब्बी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है।

IIIT Ranchi Student Death: शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), रांची में एक छात्र की मौत के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। मंत्रालय ने बताया कि समिति की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की निदेशक (डायरेक्टर) रजनी अब्बी करेंगी। आईआईआईटी रांची सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत संचालित संस्थान है। यह घटना शनिवार रात सामने आई, जब छात्रावास में रहने वाले छात्रों ने एक कमरे को अंदर से बंद पाया और इसकी सूचना संस्थान प्रशासन को दी। कमरे में प्रथम वर्ष का छात्र फंदे से लटका हुआ मिला।

IIIT Ranchi Student Death

शनिवार रात सामने आई थी घटना (फोटो- ANI)

तीन सदस्यीय समिति गठित

एक बयान में कहा गया, "शिक्षा मंत्रालय ने आईआईआईटी रांची कैंपस में एक छात्र की मौत का संज्ञान लिया है। घटना की परिस्थितियों और इससे जुड़े मुद्दों की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।" मंत्रालय ने बयान में कहा, "समिति को घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करने और दिशानिर्देशों के पालन का आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें विशेष रूप से बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और उनके कामकाज, संस्थागत सहायता व्यवस्था, परामर्श एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था तथा छात्रों की शिकायतों के निवारण की प्रणाली की समीक्षा शामिल है।" अब्बी की अध्यक्षता वाली समिति में एक वरिष्ठ मनोचिकित्सक और शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

End of Feed