Latur Car Theft: महाराष्ट्र के लातूर जिले में चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में महज 30 सेकंड के भीतर एक सफेद रंग की हुंडई एक्सटर एसयूवी पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
लातूर में कार चोरी की वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात करीब 3 बजे लातूर के एमआईडीसी (MIDC) थाना क्षेत्र की है। दो नकाबपोश बदमाशों ने एक ऑफिस के बाहर खड़ी सफेद हुंडई एक्सटर को निशाना बनाया। दोनों ने तेजी से कार का दरवाजा खोला और गाड़ी स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दरवाजा खोलने और गाड़ी स्टार्ट करने में उन्हें करीब 15 सेकंड लगे, जबकि पूरी वारदात लगभग 30 सेकंड में पूरी हो गई।
अलार्म बजता रहा, बदमाश कार लेकर भागे
हैरानी की बात यह रही कि जब बदमाश कार का दरवाजा खोल रहे थे, तब गाड़ी का सुरक्षा अलार्म भी जोर-जोर से बजने लगा था। अलार्म की आवाज गूंजती रही, लेकिन देर रात होने के कारण आसपास के लोग गहरी नींद में थे, जिससे कोई भी मदद के लिए बाहर नहीं आया। बदमाशों ने अलार्म की परवाह किए बिना गाड़ी लेकर भागने में सफलता हासिल कर ली। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद MIDC पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर दोनों नकाबपोश बदमाशों की पहचान करने और उनका पता लगाने में जुटी है। इसके अलावा पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रूट और उनकी पहचान की जा सके। फिलहाल, आरोपियों के पकड़े जाने और चोरी हुई SUV की बरामदगी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
