Howrah News: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि अभी आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
हावड़ा में घर में आग लगने से दर्दनाक हादसा (PTI)
घर से बाहर नहीं निकल पाया परिवार
पुलिस ने बताया कि यह घटना जॉयपुर थाना क्षेत्र के सौरिया गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को हुई। मृतकों की पहचान दुर्योधन दोलुई (72), उनके बेटे दूधकुमार दोलुई (45), बहू शिबानी दोलुई (40) और पोती शम्पा दोलुई (15) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। अधिकारियों ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि कच्चे घर में आग कैसे लगी।
दमकल की दो गाड़ियों ने बुझाई आग
अधिकारी ने बताया कि दमकल के दो वाहनों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए उलुबेरिया के एक सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह परिवार बेहद गरीब था। दूधकुमार का एक बेटा भी है, जो राज्य के बाहर प्रवासी मजदूर के रूप में काम करता है।
(इनपुट - भाषा)
