Sirmaur House Collapse: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। जहां एक आवासीय मकान अचानक ढह गया। जिसके मलबे में चार लोग दब गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो वर्षीय दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सिरमौर में बारिश के बीच ढहा मकान (Himachal DDMA)
राजगढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती बच्चियां
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर राजगढ़ उपमंडल के दिदाग थाना क्षेत्र के पास हुआ, जहां मौजा स्थित छिछड़िया निवासी भीम सिंह का आवासीय मकान अचानक ढह गया। घटना की सूचना दिदाग के ग्राम राजस्व अधिकारी ने प्रशासन को दी। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में 60 वर्षीय निर्मला और उनकी 32 वर्षीय बेटी पूजा की मौत हो गई। पूजा की दो वर्षीय बेटी हीरा और परिवार की एक अन्य दो वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों का इलाज राजगढ़ सिविल अस्पताल में जारी है। राहत एवं बचाव कार्य के बाद प्रशासन ने स्थिति का जायजा लिया। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के लापता या फंसे होने की सूचना नहीं है।
हिमाचल में मानसून बना आफत!
हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी मानसूनी बारिश के बीच भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक घटनाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावति है। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, 30 जून से 11 अगस्त तक प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 70 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 204 सड़कें अभी भी बंद हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग NH-154 और NH-21 भी शामिल हैं।
मानसूनी बारिश से बुरी तरह प्रभावित मंडी
हिमाचल के सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में सबसे ऊपर मंडी का नाम है, जहां 80 सड़कें बंद हैं। मानसून के दौरान सार्वजनिक संपत्तियों को 910 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने की जानकारी मिली है। सड़क, बिजली, पेयजल और निजी संपत्ति पर भी बारिश का बड़ा असर पड़ा है। फिलहाल सिरमौर मकान हादसे की प्रशासनिक जांच की जा रही है।
