Meerut Jagannath Rath Yatra Accident: मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र स्थित किला दरवाजा में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के बीच निकाली जा रही यात्रा में रथ पर लगा ऊंचा ध्वज ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे अचानक करंट फैल गया। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि लगभग 10 अन्य लोग करंट लगने से झुलस गए।
मेरठ के परीक्षितगढ़ में हादसे के बाद मची अफरातफरी
करंट फैलते ही रथ पर मौजूद कई श्रद्धालु नीचे गिर पड़े और घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शोभायात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान यात्रा में लगा ऊंचा ध्वज 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। संपर्क होते ही तेज करंट पूरे क्षेत्र में फैल गया, जिसकी चपेट में रथ के आसपास मौजूद कई श्रद्धालु आ गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घायलों की हालत पर डॉक्टरों की पूरी निगरानी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसका नाम सचिन बताया जा रहा है। जबकि अन्य घायलों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि परीक्षितगढ़ में यह यात्रा हर साल की तरह निकाली जा रही थी। घायल मनीष ने बताया कि वह रथ यात्रा लेकर जा रहे थे। तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार की लाइन से रथ का ध्वज टकरा गया। इससे कई लोग करंट से झुलस गए।रथ यात्रा का आज था समापन
इस मामले में आयोजकों ने बताया कि आज जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन किया गया था। हर साल की तरह कई दिनों से इसकी तैयारी की जा रही थी। आज रथ यात्रा के साथ इसका समापन कार्यक्रम था। अचानक समापन से पहले बारिश का मौसम हो गया। रथ जैसे ही आगे बढ़ा, वह 11 हजार की लाइन से टकरा गया, जिससे यह दुर्घटना हो गई। इसमें कई श्रद्धालु झुलस गए, जिनमें एक की हालत बेहद गंभीर थी, जबकि बाकी सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं, इस मामले में मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि परीक्षितगढ़ कस्बे में जगन्नाथ यात्रा निकाली जा रही थी। जब रथ सड़क की ओर बढ़ रहा था, तभी वह बिजली की लाइन की चपेट में आ गया। कुल 10 लोगों को करंट लगा, जिनमें एक व्यक्ति सचिन, जो थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था, की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अन्य सभी लोगों की स्थिति सामान्य है। फिलहाल पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
