Ahmedabad News: अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.30 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मलेशिया के कुआलालंपुर से अहमदाबाद पहुंचा था और ड्रग्स को खाद्य सामग्री के पैकेट में छिपाकर लाया गया था। इंसान अब नारियल फ्लेवर वाले पैकेट में हेरोइन भरकर घूम रहे हैं। सभ्यता ने सचमुच लंबी छलांग लगाई है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम का बड़ा एक्शन
जांच के दौरान क्या मिला?
कस्टम्स अधिकारियों के मुताबिक, यात्री के हैंड बैगेज की एक्स-रे स्क्रीनिंग के दौरान कुछ पैकेट संदिग्ध दिखाई दिए। इसके बाद यात्री को रोककर उसके सामान की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान “Gluta Grow” और “Crackers Coconut Flavour” नाम से लेबल लगे कई पैकेट मिले। हालांकि, पैकेट खोलने पर उनमें घोषित खाद्य सामग्री की जगह सफेद पाउडर और दानेदार पदार्थ पाया गया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ हेरोइन निकला। इसके बाद कस्टम्स विभाग ने कुल 9.30 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
वैक्यूम-सील पैकेट में छिपाकर रखा
इस कार्रवाई से कुछ दिन पहले भी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने ड्रग्स तस्करी के एक अन्य मामले का पर्दाफाश किया था। 16-17 मई की रात बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचे एक भारतीय यात्री के ट्रॉली बैग से 6.540 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। आरोपी ने गांजे को वैक्यूम-सील पैकेट में छिपाकर रखा था। उस मामले में भी यात्री को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। कस्टम्स विभाग का कहना है कि हाल के दिनों में लगातार हुई इन कार्रवाइयों से साफ है कि अहमदाबाद एयरपोर्ट के जरिए अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क सक्रिय हैं। विभाग ने बताया कि इंटेलिजेंस आधारित प्रोफाइलिंग, निगरानी और समन्वित जांच के जरिए तस्करी के प्रयासों को विफल किया जा रहा है। फिलहाल दोनों मामलों में ड्रग्स सप्लाई चेन, नेटवर्क और संपर्कों को लेकर जांच एजेंसियां आगे की पड़ताल कर रही हैं।
