हरियाणा के सिरसा में खराब पानी से गहराया हेपेटाइटिस-ए का संकट, 100 से ज्यादा लोग हुए बीमार; 45 अस्पताल में भर्ती

हरियाणा के सिरसा जिले के देसूजोधा गांव में दूषित पेयजल ने स्वास्थ्य संकट खड़ा कर दिया है, जहां 100 से अधिक ग्रामीण बीमार बताए जा रहे हैं। हेपेटाइटिस-ए के बढ़ते मामलों के बीच कई मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि दो युवतियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Sirsa Hepatitis A News: हरियाणा के सिरसा जिले के देसूजोधा गांव में कथित तौर पर दूषित पेयजल की आपूर्ति के चलते हेपेटाइटिस-ए (Hepatitis A) की चपेट में आने से 100 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए हैं। ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि, दो लड़कियां की हालत गंभीर है जिन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) बठिंडा और दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लुधियाना में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान मलकीत सिंह की 21 वर्षीय बेटी प्रभजोत और कुलदीप सिंह की 18 वर्षीय बेटी प्रीत कौर के रूप में हुई है। जसमीत कौर, हरप्रीत कौर, गोपी, मनप्रीत कौर, राजकरण और गुरनूर समेत कई अन्य लोग सिरसा, डबवाली, बठिंडा, लुधियाना और रामा मंडी के अस्पतालों में इलाजरत हैं।

Sirsa Hepatitis A News

स्वास्थ्य विभाग ने लिए 540 लोगों के सैंपल (प्रतीकात्मक फोटो)

आखिर कैसे हुआ पानी दूषित?

गांव के सरपंच चरनजीत सिंह और अन्य ग्रामीणों के अनुसार, नई बिछाई गई पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण गांव में दूषित पानी की आपूर्ति हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पानी की पुरानी पाइपलाइन को बदलने का काम चल रहा है और इसी दौरान पाइपलाइन में रिसाव के कारण घरों में पहुंचने वाला पेयजल दूषित हो गया। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान बीमार पड़ने वाले लोगों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती गई। बाद में चिकित्सकीय जांच में पता चला कि कई मरीज हेपेटाइटिस-ए से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।

End of Feed