Uttar Pradesh Storm Deaths: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई, जिसमें अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक जनहानि प्रयागराज और भदोही में दर्ज की गई है। प्रयागराज में 17 लोगों की जान गई, जबकि भदोही में 12 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा फतेहपुर में 7, उन्नाव में 6, बरेली में 4, सीतापुर और प्रतापगढ़ में 3-3 लोगों की मौत हुई है। वहीं कानपुर देहात, हरदोई और संभल में 2-2 लोगों की जान गई।
यूपी में मौसम का कहर
24 घंटे के अंदर मुआवजा देने का आदेश
इस प्राकृतिक आपदा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरकर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने आकाशीय बिजली और तूफान से हुई जनहानि तथा पशु हानि के मामलों में 24 घंटे के अंदर मुआवजा देने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नेटवर्क बाधित होने से बचाव कार्यों में कठिनाई
वहीं भदोही में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कई क्षेत्रों से उखड़े हुए पेड़ों, बिजली के खंभों और क्षतिग्रस्त घरों के बारे में खबरें आईं। उन्होंने कहा कि तूफान के कारण मोबाइल नेटवर्क बाधित होने से सामान्य स्थिति बहाल करने और बचाव कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौर्य ने कहा कि भदोही जिले की तीनों तहसीलों में उप-विभागीय मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, जिले के अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी निरीक्षण और राहत कार्य चला रहे हैं।
क्या है यूपी के मौसम का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासतौर पर खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश समेत उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 से 19 मई के बीच अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई जिलों में लू और भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
