Burhanpur Rain: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में पिछले पांच घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण क्षेत्र के कई नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क बाधित हो गया है। बुरहानपुर को महाराष्ट्र के रावेर से जोड़ने वाला अंतरराज्यीय मार्ग जलभराव और तेज बहाव के चलते बंद हो गया है। इसके कारण सैकड़ों वाहन चालक और राहगीर रास्ते में फंस गए हैं तथा उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलमग्न और तेज बहाव वाले मार्गों से दूर रहने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पांच घंटे तक तक हुई तेज बारिश
बता दें कि बुरहानपुर में लंबे इंतजार के बाद बुधवार को मानसून की पहली जोरदार बारिश ने दस्तक दी। सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुई वर्षा दोपहर करीब 3 बजे तक लगातार जारी रही। करीब पांच घंटे तक हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, भारी जलभराव के कारण शहर के आधा दर्जन से अधिक इलाकों की सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- 200 मिमी. बारिश ने थाम दी मुंबई! 7 बजे हाईटाइड का अलर्ट; 24 घंटे में पानी-पानी होगी मायानगरी! वाटर लॉगिंग पर सियासत ऑन
अब आगे कैसा रहेगा मौसम?
बुरहानपुर में 25 जून को भी मौसम के सक्रिय बने रहने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से जिले में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम में ठंडक बनी रहेगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि तेज बारिश के दौरान यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जलभराव या तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।
