Heatwave Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में हीटवेव की स्थिति अलग-अलग स्तर पर दर्ज की गई है। पश्चिम राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हीटवेव (Red Alert/गंभीर स्थिति) की संभावना जताई गई है। इनमें विशेष रूप से 29 मई को विदर्भ में तथा 29 और 30 मई के दौरान तेलंगाना, पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज गर्मी का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
जानें आज और कल कहां रहेगा हीटवेव का अलर्ट
मौसम संबंधी चेतावनी
कहां रहेगा हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट?
वहीं ऑरेंज अलर्ट श्रेणी के तहत पश्चिम राजस्थान और कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में 29 मई से 30 मई के बीच भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने और गर्म हवाओं के चलते लोगों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जगहों पर रहेगा येलो अलर्ट
इसके अलावा येलो अलर्ट (हल्की से मध्यम हीटवेव स्थिति) के अंतर्गत कुछ क्षेत्रों में असहज गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है, जिसमें मुख्य रूप से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल जैसे दक्षिणी राज्य शामिल हैं, जहां 29 मई को गर्म और उमस भरा मौसम (Hot & Humid conditions) बने रहने का अनुमान है।
दिल्ली में ऐसा रहा तापमान का हाल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली के विभिन्न इलाकों में तापमान में 27 मई से 29 मई के बीच तेज गिरावट दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45.6°C से घटकर 36.8°C पर आ गया, यानी लगभग 8.8 डिग्री की कमी हुई। आया नगर में तापमान 45.4°C से गिरकर 36.0°C रहा, जिससे करीब 9.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पालम में पारा 44.6°C से घटकर 35.2°C तक पहुंच गया, जबकि लोधी रोड पर तापमान 44.6°C से कम होकर 35.7°C रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह सफदरजंग में भी तापमान 44.3°C से घटकर 36.8°C हो गया। कुल मिलाकर इससे भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है।
31 मई के लिए क्या है अलर्ट?
जारी मौसम चेतावनी के अनुसार 31 मई को देश में हीटवेव (लू) की स्थिति में काफी हद तक कमी देखने को मिलेगी और अधिकांश क्षेत्रों में उष्ण लहर का प्रभाव समाप्त या कमजोर रहेगा। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में गिरावट और गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियों के कारण गर्मी का असर कम रहने की संभावना है। हालांकि इस दिन किसी भी क्षेत्र के लिए हीटवेव का विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, जिससे लू जैसी स्थिति से राहत बनी रहने की उम्मीद है।
