Surajkund Mela 2026: नए साल की शुरुआत से सूरजकुंड मेले का वेट कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों का इंतजार खत्म हो गया है। 31 जनवरी से मेला पूरे एक पखवाड़े यानी 15 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस मेले में हर साल हजारों-लाखों लोग जाते हैं और आयोजित होने वाले लाइव परफॉर्मेंस समेत अन्य शो, शॉपिंग और स्वादिष्ट खाने का लुत्फ उठाते हैं। लेकिन मेले में पहुंचना ही कई लोगों के लिए मशक्कत से भरा होता है। इस परेशानी को समझते हुए और लोगों को यात्रा आसान बनाने के लिए बस सुविधा देने की तैयारी की जा रही है। इस सेवा से न केवल मेले में पहुंचना आसान होगा, बल्कि आपका समय भी बचेगा और ऑटो-इलेक्ट्रिक रिक्शा के धक्के भी खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सूरजकुंड मेले पर हरियाणा रोडवेज का बड़ा कदम, हर 30 मिनट में मला परिसर के लिए मिले बस
मेले में पहुंचने के लिए मिलेगी बस सुविधा
फरीदाबाद में लगने वाले सूरजकुंड मेले 2026 में शामिल होने वाले पर्यटकों को परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए हरियाणा रोडवेज प्रशासन द्वारा बस सेवा की शुरुआत की जा रही है। जानकारी के अनुसार, मेले के लिए 31 जनवरी की सुबह 7 बजे पहली बस मिलेगी। वर्किंग डे में बस का संचालन हर 30 मिनट में किया जाएगा। वहीं वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए बस का संचालन हर 15 मिनट में किया जाएगा।
सूरजकुंड मेले 2026 के लिए कहां से मिलेगी बस
पर्यटकों की सुविधा के लिए बस का संचालन हरियाणा रोडवेज प्रशासन द्वारा बल्लभगढ़ से किया जा रहा है। यहां हर दिन 20 बसों का संचालन किया जाएगा।
वर्दी नहीं पहनने पर लगेगा भारी जुर्माना
हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद यातायात के मैनेजर नवनीत बजाज ने मेले के दौरान बस सेवा शुरू करने पर कहा कि अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले के दौरान बसों का सही संचालन किया जा सके इसके लिए ड्राइवरों और कंडक्टरों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान साफ-सुथरी वर्दी पहनना के निर्देश भी जारी किए गए हैं। जो भी ड्राइवर और कंडक्टर जारी निर्देशों का पालन नहीं करेगा और वर्दी नहीं पहनता है उसे 1000 रुपये के जुर्माने का भुगतान करना होगा।
कब से कब तक चलेगी बस
बता दें कि बस सेवा सुबह 7 बजे शुरू होकर रात 9 बजे कल चलेगी। इस दौरान 20 बसों का संचालन किया जाएगा। इतना ही नहीं इस दौरान सूरजकुंड मेला स्थल से बड़खल मेट्रो स्टेशन तक मिनी बसों की शटर सेवा भी पर्यटकों के लिए उपलब्ध रहेगी। शटल सेवा सुबह 8.30 बजे से 6.30 बजे तक चलेगी।
कितना रहेगा बसों का किराया
बड़खल मेट्रो स्टेशन से मेला परिसर तक बस का किराया 10 रुपये। बदरपुर से सूरजकुंड मेला परिसर का किराया 20 रुपये और बल्लभगढ़ से मेले का किराया 25 रुपये रहेगा।
